गोरखपुर में 24 दिन पहले हुई नवजात की हत्या का खुलासा, दुष्कर्मी ने फर्श पर पटककर मारा था
गोरखपुर. उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के पीपीगंज थाना इलाके के एक गांव में 31 जनवरी को मृत मिले एक नवजात के मामले में पुलिस ने अब खुलासा किया है। पीपीगंज पुलिस के मुताबिक, उस नवजात को दुष्कर्म के एक आरोपी ने फर्श पर पटककर मारा था। इस मामले में नाबालिग लड़की और उसकी मां की हत्या में संलिप्तता उजागर हुई है। पुलिस दुष्कर्म के आराेपी की तलाश कर रही है। पता चला है कि, नाबालिग मां की बड़ी बहन की शादी में आरोपी विभाष्म सिंह के चाचा ने आर्थिक मदद की थी। उसके बाद ही नवजात की हत्या की गई।

बच्चे को दुष्कर्म के आरोपी ने फर्श पर पटक कर मार डाला
Recommended Video
नवजात की हत्या के 24 दिन बाद पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के बच्चे को जन्म देते ही दुष्कर्म के आरोपी ने फर्श पर पटक कर मार डाला था। इसमें नाबालिग और उसकी मां ने भी साथ दिया था। पुलिस ने नाबालिग को बालिका संरक्षण गृह और उसकी 50 वर्षीय मां को जेल भेज दिया है। जबकि, दुष्कर्म के आरोपी विभाष्म की तलाश की जा रही है।
नाबालिग की मां ने शव ले जाकर तालाब में छिपाया
पुलिस ने जांच में पाया कि, जब विभाष्म ने नवजात को मार डाला तो नाबालिग की मां ने शव ले जाकर तालाब किनारे छिपा दिया था। ऐसे में पुलिस ने विभाष्म के अलावा नाबालिग लड़की और उसकी मां को आरोपी बनाया है। नाबालिग पर हत्या, साक्ष्य और पैदाइश छिपाने की धाराएं और उसकी मां पर आपराधिक साजिश रचने की धारा लगाई गई हैं।
डीएनए टेस्ट से होगी इस कांड की पुष्टि
पीपीगंज थानेदार राज प्रकाश सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है। शव के पोस्टमाॅर्टम की रिपोर्ट आने के बाद 4 फरवरी को पीपीगंज थानेदार राज प्रकाश सिंह की तहरीर पर इस मामले में केस दर्ज हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications