आज से शुरू होगा गोरखपुर महोत्सव, कई बॉलिवुड सितारे लेंगे हिस्सा
Recommended Video

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय शहर गोरखपुर में आज से गोरखपुर महोत्सव की शुरुआत हो रही है। महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल राम नाइक करेंगे। इस दौरान मेन स्टेज पर कई रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमे कई बॉलिवुड के सितारे हिस्सा लेंगे। यहां तमाम बॉलिवुड सितारों का जमघट लगेगा, जिसमे शंकर महादेवन आज कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकार व बच्चे अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।

कई कलाकार लेंगे हिस्सा
कार्यक्रम का कुल बजट 35 लाख रुपए रखा गया है, इसमे शंकर महादेवन, शान, अनुराधा पौडवाल, ललित पंडित, अनूप जलोटा के अलावा भोजपुरी स्टार रवि किशन, मालिनी अवस्थी भी हिस्सा लेंगी। गोरखपुर महोत्सव की तर्ज पर कानपुर के बिठूर में भी गंगा महोत्सव, बनारस में गंगारी आरती और हरिद्वार में भी आरती महोत्सव का आयोजन किया जा चुका है।

खेल का भी होगा आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत कोरियोग्राफर ममता शंकर अपने नृत्य से करेंगी, इस कार्यक्रम में 500 स्कूली बच्चे हिस्सा लेंगे। ये तमाम बच्चे यूपी के अलावा पंजाब, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, ओडिशा, राजस्थान, गोवा, कश्मीर के लोकनृत्य को प्रस्तुत करेंगे। गोरखपुर महोत्सव 13 जनवरी तक चलेगा और शाम बॉलिवुड सितारे अपनी प्रस्तुति देंगे। इन तमाम भव्य कार्यक्रम के अलावा पैरा मोटर ग्लाइंडिंग, शूटिंग व हॉट एयर बैलून का भी आयोजन किया जाएगा।

पुख्ता इंतजाम
गोरखपुर महोत्सव में इन तमाम कार्यक्रमों के अलावा इसपर नाथ संप्रदाय की भी झलक देखने को मिलेगी, जिससे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आते हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले शोभा यात्रा निकाली जाएंगी, इसमे छह गाड़ियों पर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमे नाथ संप्रदाय के इतिहास को दिखाया जाएगा। महोत्सव के आखिरी दिन डॉग शो का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में कुल 350 स्टॉल लगाए गए हैं, ये जर्मन हैंगर पंडाल हैं, जिसमे 7000 लोग बैठ सकते हैं। इसमे 33 पंडाल किताबों के लिए लगाए गए हैं

सियासी आरोप-प्रत्यारोप शुरू
गोरखपुर महोत्सव को लेकर सियासी घमासान भी शुरू हो गया है, इसकी तुलना सपा सरकार के दौरान सैफई महोत्सव से होने लगी है। दरअसल पिछली बार गोरखपुर महोत्सव का आयोजन स्थानीय लोगों व व्यापारियों ने कराई थी, लेकिन इस बार इस कार्यक्रम को सरकारी अमले की ओर से आयोजित कराया जा रहा है, जिसके चलते आरोप-प्रत्यारोप का भी दौर शुरू हो गया है। गोरखपुर महोत्सव पर विपक्षी दलों का आरोप है कि जिस तरह से सपा सरकार सैफई महोत्सव मनाती थी, उसी तरह भाजपा सरकार भी यह महोत्सव गोरखपुर में मना रही है। इसपर सरकारी पैसे खर्च किए जा रहे हैं, जिसमे बॉलिवुड के कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि एक तरफ जहां प्रदेशभर में लोग कड़ाके की ठंड से जूझ रहे हैं तो दूसरी तरफ उनके लिए बेहतर इंतजाम करने की बजाए गोरखपुर महोत्सव में पैसे की बर्बादी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications