Gorakhpur AIIMS और स्वास्थ्य विभाग जिले के 11 गांवों में करेगा यह खास पहल, होंगे कई फायदे
Gorakhpur AIIMS And CMO Latest News Hindi Uttar Pradesh: अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमारी खास से शुक्रवार को हेल्थ एंड डेमोग्राफिक सर्विलांस सिस्टम (एचडीएसएस) का शुभारंभ कर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा और राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ विकासेंदु अग्रवाल ने एचडीएसएस का उद्घाटन किया। इसके तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर, राज्य स्वास्थ्य विभाग और येल यूनिवर्सिटी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों पर अध्ययन किया जाना है। इसके लिए क्षेत्र के ग्यारह गांवों और शहर के झरना टोला स्थित गिरधरगंज में तीन महीने का डेटा इकट्ठा किया जाएगा। गांवों में डेटा इकट्ठा करने के लिए पंद्रह डेटा इन्यूमरेटर रखे गए हैं। सीएमओ ने डुमरी खास अतिरिक्त पीएचसी और सरदारनगर पीएचसी का निरीक्षण भी किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस अध्ययन के माध्यम से कई उपयोगी निष्कर्ष निकलने की संभावना है, जो सामुदायिक हित में कारगर साबित होंगे। राज्य स्वास्थ्य विभाग इस अध्ययन में महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभाएगा। एचडीएसएस के उद्घाटन कार्यक्रम में ग्यारह गांवों के प्रधान, आशा, एएनएम और संबंधित सीएचओ भी मौजूद रहे और उन्हें अध्ययन में हरसंभव सहयोग का निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर आरएमआरसी के निदेशक डॉ हरिशंकर जोशी और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के कम्युनिटी मेडिसिन डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ आनंद मोहन दीक्षित ने भी अध्ययन की महत्ता पर प्रकाश डाला।

सरदारनगर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ हरिओम पांडेय ने बताया कि फिलहाल के लिए तीन महीने के डेटा पर काम होने जा रहा है। आगे भी अतिरिक्त शोध और अध्ययन होंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के दिशा निर्देशन में प्रत्येक अध्ययन और शोध कार्य को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। मातृ शिशु मृत्यु, प्रवास, लिंगानुपात, स्वास्थ्य सेवाओं समेत कई पक्षों को लेकर अध्ययन होने जा रहा है। डुमरी खास का यह अध्ययन इस मामले में भी महत्वपूर्ण है कि यहां राज्य का स्वास्थ्य महकमा भी प्रमुख साझीदार है। गांव में उच्चाधिकारियों द्वारा शिलापट्ट का अनावरण कर इस कार्य का शुभारंभ किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications