Goat Birthday: हरदोई में धूमधाम से मनाया गया बकरियों का जन्मदिन, जानिए लालाराम किसान की दिलचस्प कहानी
Goat Birthday: यूपी के हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र स्थित गौरा डांडा गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां के एक पशुपालक लालाराम शर्मा ने अपनी दो बकरियों का शुक्रवार को धूमधाम से जन्मदिन मनाया।
इस मौके पर बकरियों के लिए केक काटा गया और आसपास के लोगों को निमंत्रण भेजकर उन्हें दावत दी गई। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। लालाराम शर्मा के पास दो बकरियां हैं, जिनका नाम उन्होंने मोनिका और स्वीटी रखा है।

हाल ही में उन्हें यह विचार आया कि क्यों न इन बकरियों का जन्मदिन मनाया जाए। इसके बाद उन्होंने अपने कुछ दोस्तों से सलाह ली और टड़ियांवा में निमंत्रण कार्ड छपवाए। कार्ड को गांव के लोगों में वितरित किया और उन्हें बकरियों के जन्मदिन उत्सव में आमंत्रित किया।
नहलाकर कपड़े पहनाए और केक काटा
शुक्रवार को लालाराम ने अपनी दोनों बकरियों को अच्छे से नहलाया और उन्हें अच्छे कपड़े पहनाए। इसके बाद, गांव के लोगों के लिए एक छोटी सी पार्टी का आयोजन किया गया। कुर्सियां और मेज लगाई गईं, और बकरियों के लिए विशेष रूप से केक काटा गया।
इस आयोजन में गांव के कई लोग शामिल हुए और बकरियों के जन्मदिन को धूमधाम से मनाया। लालाराम शर्मा ने जन्मदिन के इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को दावत दी। लोग एक साथ बैठकर भोजन का आनंद लिया।
यह उत्सव गांव के लिए एक नया अनुभव था और स्थानीय लोग इस अनोखे आयोजन की चर्चा करते हुए बहुत खुश थे। लालाराम ने बताया कि इस आयोजन से वह अपनी बकरियों के प्रति अपनी प्यार और सम्मान को व्यक्त करना चाहते थे।
लालाराम की नहीं हुई है शादी
गांव वालों के मुताबिक, लालाराम के पास अच्छी खेती है और परिवार के सदस्य भी हैं, लेकिन उसकी शादी नहीं हुई है। अकेले रहने वाले लालाराम ने अपनी बकरियों के जन्मदिन को खास बनाने के लिए इस अनोखे आयोजन का निर्णय लिया।
उसकी सामाजिक स्थिति और मानसिकता को देखकर यह साफ होता है कि वह अपनी जिंदगी में परिवार के स्थान पर अपने पालतू जानवरों के साथ समय बिताना पसंद करते हैं। गांव में रहने वाले लोग इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications