Global Investor Summit: विदेशों में हुए रोड शो पर सरकार ने खर्च किए कितने करोड़ रुपये, आप भी जानिए
सदन में सपा की तरफ से हुए सवाल के जवाब में इस बात की जानकारी सामने आई कि निवेश आमंत्रित करने के लिए विभिन्न देशों में मंत्रियों और नौकरशाहों के प्रतिनिधिमंडल भेजने में 19.5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।

Global Investor Summit: उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में संपन्न ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआईएस) में निवेश लाने के लिए मंत्रियों की एक लंबी चौड़ी फौज विदेश दौरे पर गई थी। अब सत्र के दौरान यह बात सामने आई है कि सरकार ने मंत्रियों के इन दोरों पर करोड़ो रुपये खर्च किए हैं। सदन में सपा की तरफ से हुए सवाल के जवाब में इस बात की जानकारी सामने आई कि निवेश आमंत्रित करने के लिए विभिन्न देशों में मंत्रियों और नौकरशाहों के प्रतिनिधिमंडल भेजने में 19.5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।
मंत्रियों के दौरे से आया 7 लाख करोड़ का निवेश
हालांकि सरकार की तरफ से यह भी बताया गया कि इन यात्राओं से राज्य को 7.12 लाख करोड़ रुपये के 149 प्रस्ताव प्राप्त करने में मदद मिली। सपा विधायक महबूब अली द्वारा यूपी विधानसभा में निवेश आकर्षित करने के लिए विदेश गए यूपी प्रतिनिधिमंडलों द्वारा विदेश यात्राओं में किए गए खर्च की मांग के बाद गुरुवार को तथ्य सामने आए।
Recommended Video

इन मंत्रियों ने किया विदेश का दौरा
एक सवाल के जवाब में राज्य के औद्योगिक विकास मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि डिप्टी सीएम केशव मौर्य और बृजेश पाठक के नेतृत्व में आठ प्रतिनिधिमंडल, उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने निवेश की तलाश के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम, स्वीडन मैक्सिको, ब्राजील और अर्जेंटीना सहित विभिन्न देशों का दौरा किया।
विदेश दौरे को सरकार ने बताया कामयाब
सैनी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल 7.12 लाख करोड़ रुपये के 149 प्रस्ताव प्राप्त करने में कामयाब रहा। राज्य सरकार ने मुंबई, चेन्नई, नई दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद, बेंगलुरु और चंडीगढ़ सहित आठ शहरों में रोड शो भी किया।
UPGIS में मिले हैं 33 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव
जीआईएस के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार को करीब 33.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. योगी ने यह भी कहा है कि राज्य सरकार अगले छह महीनों में एक और भूमि पूजन समारोह का आयोजन करेगी।
2017 से 2022 तक 65 हजार करोड़ का वास्तविक निवेश
सपा विधायक मनोज पारस द्वारा उठाए गए एक अन्य सवाल के जवाब में सैनी ने कहा कि 2017 से 2022 के बीच राज्य को जो वास्तविक निवेश मिला है, वह 65,261 करोड़ रुपये का है। उन्होंने कहा कि 1.43 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मंजूरी के विभिन्न चरणों में हैं।












Click it and Unblock the Notifications