Ghaziabad AQI: निर्माण कार्यों पर रोक, नियम तोड़ने वाले उद्योगों पर लगेगा 15 लाख का जुर्माना
दिल्ली वायु प्रदूषण (Delhi Pollution) से बुरी तरह से प्रभावित है। वहां की सरकार ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार के लिए कई कड़े कदम उठाए, लेकिन वो नाकाफी साबित हुए। राजधानी से सटे गाजियाबाद में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वहां पर भी एयर क्वालिटी काफी ज्यादा खराब है। इसको देखते हुए प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही।

मामले में गाजियाबाद के एडीएम सिटी ने कहा कि NCR में GRAP-3 के लागू होने के बाद निजी निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उद्योगों की जांच की जा रही है। अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता मिला, तो उसके ऊपर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही नियम तोड़ने वालों को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सांस संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ी
दिल्ली-एनसीआर में हवा लगातार जहरीली बनी हुई है। वहां का AQI 300 से 400 के बीच रहता है, जो गंभीर श्रेणी का है। हाल ही में एक सर्वे में चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया कि दिल्ली में 5 परिवार में से 4 प्रदूषण की वजह से बीमार हो रहे हैं। इसके अलावा अस्थमा, सांस लेने में दिक्कत और ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
गुरुग्राम-नोएडा के हालात भी चिंताजनक
दिल्ली के कई इलाकों में रविवार सुबह धुंध छाई रही। वहां पर अभी AQI 339 है। राजधानी से सटे गुरुग्राम में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 304 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। इससे ज्यादा चिंताजनक हालात नोएडा में है, जहां AQI रविवार सुबह 349 रहा।












Click it and Unblock the Notifications