कन्नौज के गांव में अचानक लगी भीषण आग में 20 घर जलकर राख
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में कन्नौज के एक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। तेज हवा से भड़की आग ने थोड़ी देर में ही 20 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। आग से 2 मवेशियों की मौत हो गयी और लाखों की गृहस्थी जलकर राख हो गयी। अधिकारियों ने गांव पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

कन्नौज के सदर कोतवाली के भिम्मापरवा गांव के ग्रामीण कन्नौज शहर और खेतों में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते है। यहां के ज्यादातर घर फूस और कच्ची मिटटी के बने हैं। रविवार के तड़के अचानक यहां किसी के घर में आग लग गयी। ग्रामीण सो रहे थे और उन्हें आग लगने का पता नहीं चला।

तेज हवाओं के कारण जब आग ने कई घरों को अपनी चपेट में लिया तो ग्रामीणों को आग लगने की जानकारी हुई। जब तक 100 नम्बर पर सूचना देकर ग्रामीण निजी संसाधनों से आग बुझाने में जुटे तब तक उनकी सारी ग्रहस्थी जलकर स्वाहा हो चुकी थी।

आग कैसे लगी इस बात से सभी ग्रामीण अनजान हैं। आग की चपेट में आने से दो मवेशी भी मरे हैं। बाद में मौके पर पहुंची दमकल ने पूरी तरह से आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर ने बताया की नुकसान के आंकलन के बाद ग्रामीणों को शासन की तरफ से मदद दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications