Video: बड़ा हादसा! नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस में लगी आग, छठ पूजा के चलते ट्रेन में थे हजारों लोग
उत्तर प्रदेश के इटावा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां से गुजर रही नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई है। बताया जा रहा है कि ट्रेन नंबर 02570 के दो कोचों में आग लगी है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और कई गाड़ियां रवाना हो गई हैं। ट्रेन नई दिल्ली से दरभंगा जा रही थी।
बता दें कि हादसे की जानकारी तब हुई जब ट्रेन सराय भोपत रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी और S1 कोच से धुआं उठने लगा। जिसे देखकर स्टेशन मास्टर ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया। फिलहाल ट्रेन सराय भोपर स्टेशन पर ही रुकी हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के S1 और S2 कोच में आग लगी है। आग लगने के बाद ट्रेन में भगदड़ मच गई।

वहीं अभी 6 लोगों के जख्मी होने की भी सूचना है। जिनको बाबा भीमराव अंबेडकर सहित जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में एंबुलेंस के द्वारा पहुंचाया गया है। साथ ही इंजन समेत अन्य कोचों को अलग कर दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा के चलते कोचों में यात्रियों की भारी भीड़ थी। आग लगने की वजह से सैकड़ों यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।

उधर, सूचना पर एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी कपिल देव सिंह, एसडीएम सदर विक्रम राघव समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई है। वहीं हादसे के चलते शताब्दी एक्सप्रेस, कामख्या एक्सप्रसे समेत कई ट्रेनें लूप पर खड़ी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications