कुशीनगर की फाजिलनगर सीट पर स्वामी प्रसाद मौर्य की शर्मनाक हार, BJP छोड़ गए थे सपा में
लखनऊ, मार्च 10। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे अब धीरे-धीरे स्पष्ट हो रहे हैं। रूझानों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है। लेकिन इस बीच यूपी की कई सीटें ऐसी हैं, जहां से कई बड़े चेहरे पीछे चल रहे हैं और कुछ हार गए हैं। इनमें भाजपा छोड़ समाजवादी पार्टी में गए स्वामी प्रसाद मौर्य का नाम भी शामिल है, जो कुशीनगर की फाजिलनगर विधानसभा सीट से हार गए हैं। आपको बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी छोड़ सपा में चले गए थे। उन्हें बीजेपी के सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बहुत बड़े अंतर से हराया है।

हार पर स्वामी प्रसाद मौर्य की पहली प्रतिक्रिया
चुनाव हार जाने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने विजयी प्रत्याशी को जीत की बधाई दी है और कहा है कि इस जनादेश का मैं सम्मान करता हूं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा है कि समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई, मैं इस जनादेश का सम्मान करता हूं, मैं चुनाव हारा हूं, लेकिन हिम्मत नहीं, मेरा संघर्ष अभियान जारी रहेगा। आपको बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने चुनाव की तारीखों की घोषणा से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। उन्होंने योगी सरकार में मंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया था।

सपा ने स्वामी प्रसाद मौर्य की बदल दी थी सीट
आपको बता दें कि योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद त्याग कर स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्ट जॉइन की थी और सपा ने उनकी सीट बदल उन्हें फाजिलनगर सीट से टिकट दिया था। इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य पडरौना से तीन बार चुनाव जीत चुके थे। सपा में आने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी के खिलाफ जबरदस्त प्रचार किया था। यहां तक कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएम योगी को लेकर कई बड़े बयान भी दिए थे।

2017 में बीएसपी से बीजेपी में आए थे स्वामी प्रसाद मौर्य
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में ओबीसी क्लास के प्रमुख नेता स्वामी प्रसाद मौर्या 2017 में विधानसभा चुनावों से पहले ही बीएसपी छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। बीजेपी ने उन्हें पडरौना से ही टिकट देकर उम्मीदवार बनाया था और वो चुनाव जीत भी गए थे। इसके बाद योगी सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था, लेकिन 2022 के चुनाव से ठीक पहले उन्होंने ओबीसी समाज की अनदेखी का आरोप लगाते हुए बीजेपी छोड़ दी थी और सपा में शामिल हो गए थे। फाजिलनगर में छठे चरण में 3 मार्च को मतदान हुआ था।
Recommended Video
समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई।
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) March 10, 2022
जनादेश का सम्मान करता हूँ।
चुनाव हारा हूँ, हिम्मत नहीं।
संघर्ष का अभियान जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications