7 दिन से बेटे के शव को लेकर बैठा परिवार, सपेरे ने कहा- "19 नवंबर को कर दूंगा जिंदा', पुलिस पहुंची तो...
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक परिवार अपने 14 वर्षीय बेटे के शव को पिछले 7 दिनों से घर के आंगन में लेकर बैठा है और उसके जिंदा होने का इंतजार कर रहा है। यह सब एक सपेरे के कहने पर हो रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उन्हें यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि 19 नवंबर को बेटा जिंदा हो जाएगा।
बता दें कि पूरी घटना मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र अंतर्गत ऊंचाकानी गांव का है। यहां 9 नवंबर की रात करीब 11 बजे घर में सो रहे 7वीं के छात्र वरुण (14) पुत्र बबलू ठाकुर को सांप ने डस लिया था। परिजनों को जानकारी हुई तो छात्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद कुछ सपेरों ने परिजनों से संपर्क किया और दावा किया कि वह छात्र को जीवित कर देंगे। सपेरों के बताए अनुसार परिजनों ने सर्पदंश से मृत छात्र के शव को अपने घर के आंगन में एक गड्डा खोदकर उसमें दबा दिया। फिर बीते सोमवार को सपेरे ने तंत्र विद्या की, लेकिन छात्र के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई।

इसके बाद सपेरों ने 19 नवंबर को दोबारा आने का वादा किया और कहा कि वह गड्ढे से छात्र को जीवित निकाल सकते हैं। तभी से छात्र के परिजन 19 नवंबर को उसके जिंदा होने की आस लगाए बैठे हैं। उनका मानना है कि बेटा सही हो जाएगा।

इसी बीच जब बुधवार सुबह कुंदरकी पुलिस उनके घर पहुंची और हलके के दरोगा सलीम मलिक ने परिजनों से कहा कि छात्र के शव को गड्ढे से बाहर निकालें, तो परिजनों ने कहा कि हमें अभी उम्मीद है कि वरुण सही हो सकता है, इसलिए हमें शव को अपने ही मकान में दबा रखा है। बताते चलें कि पुलिस की तमाम कोशिशें बेकार रही और पुलिस को बैरंग लौटन पड़ा। फिलहाल परिजन मकान के अंदर किसी को नहीं जाने दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications