UP News: पत्नी की ममता और सिस्टम की नाकामी, दिव्यांग पति को पीठ पर लादा, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज
UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक महिला द्वारा अपने दिव्यांग पति को पीठ पर लादकर सीएमओ कार्यालय पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला सामने आते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए। जांच में डॉक्टर समेत तीन कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई।
सीएमओ कार्यालय में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं, लेकिन एक महिला को वहां व्हीलचेयर नहीं मिली। मजबूरी में उसने अपने पति को पीठ पर लादकर दिव्यांग बोर्ड के सामने पेश किया। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को जांच कराने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम के आदेश पर रायबरेली सीएमओ ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। कमेटी में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार और जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना शामिल थे। जांच में पाया गया कि सीएमओ कार्यालय में जरूरी सुविधाओं की कमी थी और कर्मचारियों ने लापरवाही बरती थी।
अधिकारियों और कर्मचारियों पर गिरी गाज
जांच रिपोर्ट के आधार पर उपमुख्यमंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए। उप मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला दिव्यांग बोर्ड के नोडल अधिकारी डॉ. अंबिका प्रकाश को मुख्यालय से हटाकर जतुआटप्पा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर दिया गया। डाटा एंट्री ऑपरेटर अनुकांत आनंद को यूडीआईडी कार्य से हटा दिया गया और मूल तैनाती स्थल पर भेज दिया गया।
जांच कमेटी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनिल कुमार को निलंबित करने की सिफारिश की, जिसे मंजूर कर उन्हें बेलाभेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबद्ध किया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर देने की बात कही।
दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए दिव्यांग बोर्ड में सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications