Agra Lucknow Expressway पर सुबह-सुबह बिछ गईं लाशें! दिल्ली से बिहार जा रही बस के उड़े परखच्चे, कैसे हुआ हादसा?
Agra Lucknow Expressway Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 262 पर दिल्ली से आ रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह डबल डेकर बस दिल्ली से सवारियां लेकर चली थी। मंगलवार सुबह के वक्त जब बस उन्नाव के औरास इलाके में पहुंची, तो आशंका जताई जा रही है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। बस पहले डिवाइडर और किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जोरदार तरीके से टकराई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री शीशे तोड़कर सड़क पर जा गिरे।

मृतकों में बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर और कैदी शामिल
औरास थाना प्रभारी (SO) संजीव कुशवाहा से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों में बिहार पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल हैं। मृतक सब-इंस्पेक्टर की पहचान रामचंद्र के रूप में हुई है, जो बिहार के सीवान से एक कैदी छत्रपाल को लेकर किसी मामले में दिल्ली गए थे। दिल्ली से लौटते समय वे इसी बस में सवार थे और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस अन्य मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव ज़िले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा, 'उन्नाव ज़िले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाना बेहद हृदयविदारक और आत्मा को झकझोर देने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन शोकाकुल परिवारों के साथ हैं, जो इस समय गहरे दुख में डूबे हुए हैं।'
घायलों को लखनऊ रेफर किया गया
हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और एक्सप्रेसवे पर तैनात यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही औरास थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां और शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल 19 लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से कई यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की लिस्ट
1. रविचरन (दरोगा)
विभाग: बिहार पुलिस
जनपद: सीवान
2. सुरेश कुमार जायसवाल
पिता का नाम: राम आधार जायसवाल
पता: मुंडेरा बाजार, थाना - चौरी चौरा, गोरखपुर
3. विदेशी गुप्ता
पिता का नाम: मिश्री गुप्ता
पता: मदपुर, थाना - पिपराइच, गोरखपुर
4. विजय कुमार
पिता का नाम: रामजीत
पता: फारेसन गोविंदपुर, थाना - कप्तानगंज, बस्ती
5. छत्रपाल तोमर
पिता का नाम: फेरे लाल
राज्य: हरियाणा (बंदी मृतक)
6. अज्ञात
विवरण: पहचान अभी उपलब्ध नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया खौफनाक मंजर
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डबल डेकर बस की रफ्तार बहुत तेज थी। अचानक बस लहराई और तेज आवाज के साथ रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद कई यात्री सीटों के नीचे और बस के मलबे में दब गए थे, जिन्हें क्रेन और कटर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटाकर अब पूरी तरह सामान्य करा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications