यूपी: दलित महिला रोती रही और उसे पेड़ से बांधकर लोगों के सामने पीटा, कांग्रेस ने कहा- जंगलराज में दलितों का दमन जारी
हमीरपुर। हाथरस में दलित लड़की के साथ हुई वारदात के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कठघरे में है। प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे जुल्म को लेकर विपक्षी दल भी लगातार सरकार को निशाना बना रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक दलित महिला को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का मामला सामने आया है। महिला का वीडियो वायरल हो गया जिसमें पेड़ से बंधी महिला रो-रोकर अपने साथ हुई घटना के बारे में बता रही है। पुलिस ने आकर महिला को मुक्त कराया। मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार लोगों की तलाश की जा रही है। घटना पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने योगी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर कहा कि उत्तर प्रदेश के जंगलराज में दलितों का दमन जारी है।
Recommended Video

यह घटना जेल तालाब मोहल्ले की है जहां एक दलित महिला को अन्य महिलाओं ने पेड़ से बांधकर पीटा। जानकारी के मुताबिक, महिला के पति का देहांत हो चुका है और वह दूध बेचकर गुजारा करती है। घर का किराया नहीं चुकाने को लेकर मकान मालिक भागीरथ से उसका विवाद चल रहा था। दलित महिला को पेड़ से पहले बांधा गया और उसके बाद भागीरथ के पक्ष की महिलाओं ने उसे पीटा। महिला के किराए के कमरे में ताला लगाकर उसके सामान को भी बाहर फेंक दिया गया। महिला की चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आधे घंटे तक महिलाएं उसे पीटती रहीं और लोग तमाशबीन बने रहे। सूचना मिलने पर यूपी 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और उसने महिला को वहां से मुक्त कराया। पीछे-पीछे पुलिस फोर्स भी गांव पहुंच गई। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने घटना पर कहा कि पीड़िता की शिकायत पर चार महिलाओं के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस घटना को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस ने वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा कि यूपी के जंगलराज में दलितों का दमन जारी है। हमीरपुर में एक दलित महिला को दबंगो ने पेड़ से बांध दिया और उसके घर पर कब्ज़ा कर लिया। हमारी गुहार है कि सोती हुई अजय बिष्ट सरकार कुम्भकर्णीय निद्रा से जागे और आरोपियों पर त्वरित कार्यवाही करे। हाथरस में दलित लड़की की मौत के बाद योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर घिरी हुई है। प्रदेश में आ रहे महिलाओं पर अत्याचार के नये-नए मामले सरकार की परेशानी को और बढ़ा रहे हैं। योगी सरकार ने नवरात्रि को नारी सुरक्षा और सम्मान पर्व के तौर पर मनाने का फैसला लिया है और रामनवमी तक महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications