बदमाशों ने पीछा करते हुए महिला को लूटा, देखिए पूरी घटना का वीडियो
महिला बैंक से पैसे निकाल कर आ रही थी। घर के अंदर जा रही महिला से बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। इस घटना का वीडियो सामने आया है।
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में बचपन पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार बदमाश, बैंक से पैसे निकाल कर आ रही महिला से घर के दरवाजे के पास से बैग छीन कर बाइक से फरार हो गए। यह पूरी घटना प्ले स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।

वीरबाला अग्रवाल का खाता पंजाब नेशनल बैंक मंडी समिति में है । वीरबाला रविवार को बैंक गयी थी और वहां से 24 हज़ार रूपए निकाल कर लायी थी। बैंक से घर तक ई रिक्शे से आयी और बदमाश उनका पीछा कर रहे थे।। वीरबाला जैसे ही रिक्शे से उतर कर घर के दरवाजे पर पहुंची कि एक बदमाश पल्सर बाइक से उतर कर महिला की तरफ दौड़ कर गया और बैग छीन कर बाइक पर बैठने की कोशिश की। पहली बार में वह फिसल गया, दूसरी बार में कोशिश करने पर बाइक पर बैठ कर फरार हो गया।
वीरबाला अग्रवाल के पति श्रवण अग्रवाल की मुरादाबाद के कंजरी सराय में सर्राफा की दुकान है। वीरबाला के बैग में 24 हज़ार रुपए, एक मोबाइल और एक शॉल था। बैग छिनते ही बदमाशों के पीछे वीरबाला दौड़ी और शोर मचाया लेकिन जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक बदमाश बाइक पर सवार हो कर फरार हो गए। सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर बचपन प्ले स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गयी है।












Click it and Unblock the Notifications