Pics: धान के खेत में सिंचाई कर रहे थे ग्रामीण, अचानक निकल आया मगरमच्छ
सोनभद्र। सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में मंगलवार की रात धान के खेत में मगरमच्छ मिलने से अफरा तफरी फैल गई। मगरमच्छ को देख ग्रामीण दहशत में आ गए। धान की खेती की सिंचाई करते समय ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी।


बस्ती की ओर बढ़ रहा था मगरमच्छ
राबर्ट्सगंज कोतवाली के रघुनाथपुर में गांव के रामसेवक व रामनारायण गुप्ता का रघुनाथपुरी बंधी के पास लखौरा टोला में खेत है। रामसेवक व रामनारायण गुप्ता मंगलवार की रात लगभग साढे़ 10 बजे धान के खेत की सिंचाई करने के लिए गए हुए थे। वे अपने धान के खेत की सिंचाई कर ही रहे थे तभी उन्हें एक लगभग पांच फिट लंबा मगरमच्छ नजर आया। मगरमच्छ देख दो किसान दहशत में आ गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। रामसेवक ने बताया कि मगरमच्छ धान के खेत में लोट लोट कर फसल को बर्बाद करते हुए बस्ती की तरफ बढ़ रहा था।


ग्रामीणों ने रस्सियों से बांधा
सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को बस्ती की तरफ बढ़ता देख उसे किसी तरह पकड़कर रस्सियों से बांधकर वहीं पर एक लोहे की रॉड गाड़कर बांध दिया। रात भर मगरमच्छ धान के खेत में पड़ा रहा। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पाकर वन्य जीव प्रतिपालक धर्मराज यादव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मगरमच्छ को पकड़कर रघुनाथपुर बंधी में छोड़ना चाहा तो ग्रामीणों ने उन्हें कहीं और ले लाकर छोड़ने की बात कही। इसके बाद वन विभाग ने मगरमच्छ को घोरावल के अहमद नाले में ले जाकर छोड़ दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications