योगी आदित्यनाथ का विवादित बयान, राम मंदिर चाहिए, करबला या कब्रिस्तान
योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए भड़काऊ बयान दिया। उन्होंने जनता से कहा कि यूपी चुनाव में आपको फैसला करना है कि राम मंदिर चाहिए, करबला या कब्रिस्तान।
बलरामपुर। यूपी के बलरामपुर जिले की 4 विधानसभा सीटों पर पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को जिताने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रचार के अंतिम दिन गोरखनाथ के पीठाधीश्वर एवं भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने धुंआधार कई जनसभाओं को संबोधित किया जहां वे अखिलेश सरकार पर जमकर बरसे, साथ ही विवादित बयान दे डाला।

जनसभा में योगी ने कही भड़काऊ बात
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा जनता को अब फैसला करना है कि धर्म और जाति के नाम पर बाँटने वाले चाहिए या विकास करने वाली सरकार चाहिए। योगी ने भड़काऊ बयान देते हुए यह भी कहा कि राम मंदिर चाहिए, करबला या कब्रिस्तान, फैसला अब जनता के हाथ है।

अखिलेश पर योगी ने किया प्रहार
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'अखिलेश जी कहते हैं कि हमारा काम बोलता है। प्रदेश की जनता उन्हें बता दें कि उनका काम नहीं, कारनामा बोलता है। यूपी में इस जिले को सबसे कम बिजली मिलती है, सड़कें चलने लायक नहीं रह गई हैं। यहां के समाजवादी पार्टी के विधायकों व उनके परिवारवालों पर तमाम आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।

बलरामपुर में योगी आदित्यनाथ ने और क्या कहा?
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए कहा कि आज अखिलेश ने इतिहास को धोखा दिया है एक जमाने में कंस हुआ करता था, उसने अपने ही पिता को कारागार में डालकर स्वयं राज्य पर कब्जा कर खुद को राजा घोषित कर दिया था। उसी प्रकार औरंगजेब ने अपने ही पिता को किले में कैद करवा कर खुद को राजा घोषित कर दिया था, यही कार्य अब अखिलेश ने किया है और अपने पिता को टूटी हुई साइकिल से उतार कर खुद को बादशाह घोषित कर लिया है। जब भी पिता को हटाकर सत्ता पर कब्ज़ा करने वालो का नाम लिया जायेगा तो उस इतिहास में अखिलेश का नाम जरूर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications