UP News: लखनऊ में फिर ट्रेन पलटाने की साजिश! पटरी पर रखा लकड़ी का तना
Lucknow derail train Conspiracy: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास एक बार फिर ट्रेन को पटरी से उतारने की खौफनाक साजिश सामने आई है। रहीमाबाद रेलवे स्टेशन के पास दिलावरनगर के नजदीक अराजक तत्वों ने ट्रेन की पटरी पर एक मोटा लकड़ी का तना रख दिया।
हालांकि सौभाग्यवश समय रहते ट्रेन चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। फिलहाल आरपीएफ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रहीमाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

जानिए क्या हुआ घटनास्थल पर?
घटना गाड़ी संख्या 05577 के गुजरने के समय की है, जब ट्रेन पटरी पर रखे लकड़ी के टुकड़े से टकरा गई। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने तुरंत मामले की जानकारी आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंची रेलवे और सुरक्षा टीमों ने जांच के दौरान पाया कि पटरी के बीचोंबीच करीब 2.5 फीट लंबा और 6 इंच मोटा लकड़ी का तना रखा गया था।
इसके अलावा पास ही आम के पेड़ की हरी डालियां और 'राम नाम' लिखा हुआ नारंगी रंग का कपड़ा भी पाया गया, जिससे साजिश की गंभीरता और धार्मिक भ्रामक एंगल को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां
फिलहाल आरपीएफ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रहीमाबाद थाने में FIR दर्ज कराई है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस को दें।
घटना के बाद से इलाके में रेलवे सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी साजिश
यह पहला मौका नहीं है जब दिलावरनगर क्षेत्र में इस तरह की घटना हुई है। पहले भी यहां लकड़ी रखकर ट्रेन पलटाने की कोशिश की गई थी, जिसकी जांच एटीएस और मलिहाबाद पुलिस ने की थी। हालांकि, उस मामले में बाद में केस बंद कर दिया गया था। अब इस नई घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications