UP Congress: 'हर हर महादेव' के नारों से गूंजा कांग्रेस मुख्यालय, अजय राय ने संभाली कमान
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मुख्यालय में पहली बार हर हर महादेव के नारे सुनाई दिए। शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अजय राय ने यूपी कांग्रेस की कमान संभाल ली।
UP Congress Chief Akjai Rai: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और पांच बार से विधायक अजय राय ने गुरुवार को यूपी कांग्रेस की कमान संभाल ली। इस मौके पर जब वह मुख्यालय पहुंचे तो पूरा परिसर 'हर हर महादेव' के नारों, शंख ध्वनि से गूंज उठा। ऐसा पहली बार हुआ जब कांग्रेस कार्यालय में इस तरह के नारों की गूंज सुनाई दी हो। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2024 के चुनाव के लिए जुटने का आह्वन किया।

कांग्रेस मुख्यालय में लगी भारी भीड़
यूपी की राजधानी लखनऊ में मॉल एवेन्यू स्थित कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। मुख्यालय पहुंचने से पहले जब वह बनारस से अपने काफिले के साथ चले तो सुल्तानपुर और अमेठी होते हुए लखनऊ पहुंचे। इस दौरान कई जगहों पर उनका स्वागत किया गया।
ये अमेठी की जनता का प्यार है …. pic.twitter.com/8I5hdpHua3
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) August 24, 2023
अमेठी में बोले- राहुल ने यहां घर-घर काम किया
लखनऊ आते समय अमेठी में मीडियाकर्मियों ने जब उन्हें घेर लिया तब उन्होंने एक बार फिर राहुल के अमेठी से चुनाव लड़ने की बात कही। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया कर्मियों से कहा, "राहुल गांधी ने अमेठी में घर-घर काम किया लेकिन "13 रुपये किलो चीनी" वाला झूठ कभी नहीं बोले। झूठ का तिलिस्म अब टूट चुका है। अमेठी की जनता सच के साथ है।"
लखनऊ मुख्यालय पर मौजूद रहे सभी बड़े नेता
इसके बाद वह गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ लखनऊ मुख्यालय पहुंचे। राय से पहले यहां कांग्रेस के कई बड़े नेता पहुंच चुके थे। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, प्रदीप जैन आदित्य, बृजलाल खाबरी, निर्मल खत्री, अजय कुमार लल्लू, विधानसभा में कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा मोना, केंद्रीय पदाधिकारी सुप्रिया श्रीनेत समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।
प्रमोद तिवारी मोदी सरकार पर जमकर बरसे
इस मौके पर राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। तिवारी ने कहा कि इस बार मोदी सरकार को हर हाल में हराना होगा नहीं तो पता नहीं देश में अगला चुनाव होगा भी या नहीं होगा। इस बार बीजेपी के खिलाफ जो गठबंधन बन रहा है वह भारी मतों से जीतेगा।
तिवारी ने बताया कौन संभालेगा INDIA की कमान
तिवारी ने कहा कि लोग पूछते हैं कि INDIA की कमान कौन संभालेगा। बीजेपी वाले अफवाह फैलाते हैं कि इसको लेकर आपस में झगड़ा हो रहा है। लेकिन हम उनसे कहते हैं कि कोई झगड़ा नहीं है। गठबंधन की यह परम्परा है कि सहयोगी दलों में जो सबसे बड़ी पार्टी होती है और जिस पार्टी के सांसद सबसे अधिक होते हैं वही कमान संभालता है।












Click it and Unblock the Notifications