प्रतापगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा को हराया, छीन ली पार्टी की जीती सीट
इलाहाबाद। फूलपुर और गोरखपुर में सपा-बसपा गठबंधन से लोकसभा सीट गंवाने के बाद अब ब्लॉक प्रमुख की एक सीट भाजपा के हाथ से निकल गई है। प्रतापगढ़ में लालगंज ब्लॉक प्रमुख सीट अभी तक भाजपा के कब्जे में थी। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। अविश्वास प्रस्ताव में भाजपा प्रत्याशी अपना बहुमत हासिल नहीं कर सके। गौरतलब है कि यह इलाका कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का है और उनका असर इस बार साफ देखने को मिला। बेहद रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 3 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।

लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
फरवरी 2016 में हुए पंचायत चुनाव के दौरान प्रमोद तिवारी के इलाके में कांग्रेस का तिलिस्म टूटा था और लालगंज ब्लॉक पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश सिंह चुने गए थे। इनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया और उस अविश्वास प्रस्ताव के बाद भाजपा प्रत्याशी अपना बहुमत नहीं साबित कर सके। भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ददन ने 3 वोटों की रोमांचक बढ़त के साथ अपना बहुमत साबित कर जीत हासिल की है।

प्रमोद तिवारी का गणित
इस सीट की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मतदान की प्रक्रिया के दौरान प्रमोद तिवारी खुद उपस्थित हुए और पूरी रणनीति तैयार करने के साथ कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का समीकरण तैयार किया। जीत मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी को प्रमाण पत्र देते हुए प्रमोद तिवारी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुये कहा कि यह आम जनता के कांग्रेस पर विश्वास की जीत है।












Click it and Unblock the Notifications