उन्नाव रेप पीड़िता के पिता की मौत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने तोड़ी चुप्पी
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रविवार को उन्नाव की रेप पीड़िता ने बांगरमऊ भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर आरोप लगाकर सनसनी मचा दी थी। सोमवार को न्यायिक हिरासत में रेप पीड़िता के पिता की अचानक हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है। अब सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि यह एक दुखद घटना है और दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। एसपी पुष्पांजलि देवी ने बताया कि रेप पीड़िता के पिता की मौत के बाद दो पुलिस अधिकारियों और चार सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया।

रेप पीड़िता के पिता की मौत पर शोक प्रकट करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस दुखद घटना पर उन्होंने एडीजी लखनऊ को इसकी जांच करने का आदेश दिया है। जो भी दोषी होगा, उसको छोड़ा नहीं जाएगा। रविवार को सीएम योगी के आवास के सामने पीड़िता ने अपने परिवार के साथ आत्मदाह की कोशिश की थी और इसके बाद भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर रेप का आरोप लगाया था।

रेप पीड़िता ने लगाए भाजपा विधायक पर आरोप
पिता की मौत पर पूछे जाने पर रेप पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर ने जेल में गलत हरकत कराई है और उन्होंने पापा के इलाज के लिए मनाही कर रखी थी। रविवार की देर रात पीड़िता के पिता की जेल में हालत बिगड़ गई जिसके बाद उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

क्या है मामला
पीड़िता का आरोप है कि 3 अप्रैल को हथियारों से लैस विधायक के भाई अपने गुर्गों के साथ पीड़िता के घर आ धमका और परिजनों को जमकर पीटा। आरोप है कि सत्ता पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को खुश करने के लिए पुलिस ने पीड़िता के परिवार के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज कर उनको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और पिता को जेल भिजवा दिया।












Click it and Unblock the Notifications