Gorakhpur में नाले के ऊपर बना है BJP सांसद रवि किशन का घर, CM योगी ने भरी सभा में कर दी खिंचाई
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) अक्सर सार्वजनिक मंचों पर रवि किशन (Ravi Kishan) पर चुटकी लेते दिखते हैं। इस बीच एक बार फिर मुख्यमंत्री ने भोजपुरी स्टार और गोरखपुर सांसद रवि किशन की खिंचाई की है, जिससे माहौल हल्का-फुल्का हो गया।
उन्होंने गोरखपुर में 177 परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा खुलासा किया कि हर कोई हैरान रह गया। सीएम योगी ने मंच से कहा कि स्थानीय बीजेपी सांसद और एक्टर रवि किशन ने रामगढ़ ताल एरिया में नाले के ऊपर अपना घर बना लिया है।

सीएम योगी ने की रवि किशन की खिंचाई
उन्होंने कहा कि नाले के ऊपर जहां भी घर बने हैं, ये सब अब मशीन पकड़ लेती है। मशीन से पता चल जाएगा कि कहां पर नाला जाम हो गया और फिर वहीं से बटन दबाकर नाला साफ हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा कि सांसद जी ने भी अपना घर नाले पर बनवाया है। हमने कहा कि नाले के ऊपर मत बनाओ। जनता को परेशानी होगी तो कार्रवाई तय है। तो इसलिए हमने उनको कहा कि नाले से थोड़ा हटकर बनाएं। इससे जल निकास में कोई समस्या नहीं आएगी।
नाला चोक हुआ तो एक बटन दबेगा और..
मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि रामगढ़ ताल क्षेत्र में भी कई जगहों पर नाले पर अतिक्रमण कर रखा है। उन्होंने कहा कि अगर नाला चोक हुआ तो नगर निगम से एक बटन दबेगा और नाला साफ हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसके बाद मजाकिया अंदाज में कहा कि, ऐसा ना हो कि पता लगे कि कालीबाड़ी के बाबा और रवि किशन साथ चल रहे हैं और केला खाकर सड़क पर फेंक रहे हैं। आप इन लोगों की हरकतों को अक्सर देखते होंगे। अब तो CCTV कैमरे में सब दिखाई देता है। अब ये छिप नहीं सकते हैं, तो आदतों में सुधार लाना भी जरूरी है।
जलभराव की स्थिति का तुरंत होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में अब अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेंट सेंसर टेक्नोलॉजी और मॉर्न ड्रेनेज सिस्टम जैसे इनोवेशन लागू हो चुके हैं। व्यवस्थाएं अब ये सुनिश्चित करेंगी कि नालों पर कोई अवैध निर्माण न हो और यदि जलभराव की स्थिति बनती हो तो तुरंत ट्रेस कर समाधान किया जा सके।
स्वच्छता और विकास का प्रतीक बन रहा गोरखपुर
मुख्यमंत्री ने इस दौरान गोरखपुर में हो रहे विकास की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि एक समय था जब गोरखपुर माफियाओं और गंदगी के लिए बदनाम था। अब यह शहर स्वच्छता और विकास का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने बताया कि नागरिकों ने सड़कों की चौड़ाई, ड्रेनेज व्यवस्था और सार्वजनिक निर्माण कार्यों में पूरा सहयोग दिया है।












Click it and Unblock the Notifications