सीएम योगी का हवा-हवाई मिर्जापुर दौरा, न मिली सौगात न ही हुई कोई बात
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मिर्जापुर जिले के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले जिले के निवासियों कुछ नई योजनाओं के घोषणा की उम्मीद थी लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
मिर्जापुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मिर्जापुर जिले के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले जिले के निवासियों कुछ नई योजनाओं के घोषणा की उम्मीद थी लेकिन सीएम योगी का यह दौरा जिले के लिए हवा-हवाई साबित हुआ। सीएम योगी जिले में लगभग आठ घंटे रहे पर कोई नयी घोषणा नहीं की। यहीं नहीं मीडिया से भी मुख्यमंत्री ने काफी दूरी बना रखा था।

अनुप्रिया पटेल से किए वादे भी नहीं आए याद
सीएम की समीक्षा बैठक से जिले के लोगों ने काफी आस पाल रखा था। जिले के सांसद-विधायक से लेकर आम लोगों के मन में था कि अयोध्या की तरह मुख्यमंत्री विंध्याचल मण्डल को भी बेहतर सौगात दे सकते है, पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की जो विकास के लिए अहम हो। सीएम के दौरे से पहले अपना दल एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा था कि मण्डलीय अस्पताल को मेडिकल कालेज का दर्जा मिल सकता है पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। जिले के लोग सिंचाई, सड़क और पर्यटन के साथ ही विंध्याचल मंदिर के विकास के लिए काफी उम्मीद पाल रखा था पर योगी ने सभी के उम्मीदों पर पानी फेर दिए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने लगभग 15 दिन पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले के लिए बेहतर सौंगात मांगा था पर मुख्यमंत्री को लखनऊ में अनुप्रिया से किए गए वायदे भी याद नहीं आए।

समीक्षा बैठक के बाहर लगने लगे मुर्दाबाद के नारे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की दोपहर में पथरहिया स्थित आयुक्त कार्यालय के सभागार में विकास कार्यो की मंडलीय समीक्षा कर रहे थे, उसी दौरान आयुक्त कार्यालय के बाहर कुछ लोग जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। नारेबाजी शुरू होने पर जिला प्रशासन के हांथ-पांव फुलने लगे। मिली जानकारी के मुताबिक नारे लगाने वाले लोग एक अपहरण केस के संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपना चाहते थे।कमिश्नरी कार्यालय के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने जब उसे अंदर जाने से रोक दिए तो वह अपने पुत्र व मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।

खस्ताहाल सड़क और गंदगी देख ठनका सीएम का माथा
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी जिले की खस्ताहाल सड़क और जगह-जगह फैली गंदगी देख हैरान हो गए। मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर दोपहर साढ़े 12 बजे नगर के पथरहिया स्थित आयुक्त सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक शुरु की तो उन्होंने सबसे पहले पीडब्लूडी और नगर पालिका से संबंधित कार्यों की पड़ताल की। इसके बाद 31 बिंदुओं पर समीक्षा कर मण्डलीय अफसरों की जमकर खबर ली। उन्होंने कहा कि यह पहली बैठक है किसी को दण्डित तो नहीं करूंगा पर दोबारा यदि इसी तरह की गलती मिली तो अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने में भी कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। कानून व्यवस्था को भी सीएम ने चुस्त-दुरुस्त रखने की हिदायत दी। खासतौर पर भदोही के एसपी को अपराधों पर नियंत्रण की ताकीद दी।












Click it and Unblock the Notifications