Codeine Cough Syrup के माफिया का सपा से क्या रिश्ता? विधानसभा सत्र के पहले CM Yogi ने किया खुलासा
UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। सीएम योगी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि हाल ही में पकड़े गए कोडिन कफ सिरप (Codeine Cough Syrup) तस्करी गिरोह के तार सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा अपनी कार्यशैली के कारण पहले से ही कुख्यात रही है और अब नशीली दवाओं के कारोबार में भी उसकी संलिप्तता सामने आ रही है।

UP पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई
विधानसभा सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कोडिन फास्फेट एक NDPS (नशीले पदार्थ) कैटेगरी की औषधि है, जिसका उपयोग गंभीर खांसी की दवाओं में होता है। सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो इसका कोटा तय करता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में इसका बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग और तस्करी की जा रही थी। सीएम ने कहा, 'यूपी पुलिस, एसटीएफ और एफएसडीए (FSDA) ने मिलकर इस सिंडिकेट पर कार्रवाई शुरू की है और अब तक कई बड़ी गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।'
SIT करेगी धन के लेन-देन की जांच
सीएम योगी ने घोषणा की कि इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच के लिए एक राज्यस्तरीय एसआईटी (SIT) गठित की गई है। यह टीम न केवल तस्करी की जांच करेगी, बल्कि इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई (Money Trail) कहां-कहां पहुंची, इसकी भी पड़ताल करेगी। सीएम ने साफ कहा कि जांच में यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि इस धंधे से किन-किन सफेदपोश नेताओं को पैसा पहुंचाया गया है।
CM Yogi Adityanath का अखिलेश यादव पर तंज
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने शायराना अंदाज में कहा- 'यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा।' उन्होंने आगे कहा कि पकड़े गए आरोपियों और माफियाओं की तस्वीरें सपा के बड़े नेताओं के साथ मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यूपी में माफिया और अपराध को संरक्षण देने वालों का चेहरा बेनकाब होकर रहेगा।
UP News: विधानसभा में गूंजेगा मुद्दा
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि यदि विधान परिषद या सदन की कार्यवाही के दौरान यह मुद्दा उठता है, तो सरकार तथ्यों के साथ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि हर माफिया का संबंध किस पार्टी से रहा है। बता दें कि कोडिन कफ सिरप मामले में आज इलाहाबाद हाई कोर्ट में भी महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है, जिस पर सरकार की पूरी नजर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications