Chandauli News: कैसे चटकी पटरी? हो सकता था बड़ा रेल हादसा, भीड़ देख पायलट ने ऐन वक्त पर रोकी ट्रेन
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली में सोमवार सुबह भीषण ट्रेन हादसा हो जाता। हालांकि अच्छी बात यह थी कि ऐन वक्त पर गांव वालों को इसकी जानकारी हो गई। सूचना पाकर ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर जमा हो गये।
कुछ ही देर में विभूति एक्सप्रेस वहां से गुजरने वाली थी। हालांकि, जब ट्रेन वहां पहुंचने ही वाली थी तो ट्रैक पर लोगों की भीड़ देखकर पायलट ने ट्रेन रोक दी। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इसके बाद पायलट ने रेवले अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और टूटी पटरी की मरम्मत की। ट्रैक की मरम्मत के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
यह पूरा मामला चंदौली जनपद के धीना का है। बताया जा रहा है कि धीना क्षेत्र के सिकठा गांव के लोग सोमवार सुबह रेलवे लाइन की तरफ टहलने के लिए गए। इसी दौरान उनकी नजर टूटी हुई रेल पटरी पर गई।
सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में गांव वाले वहां पहुंच गए। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना धीना स्टेशन मास्टर को दी गई। हालांकि उससे पहले ही हावाड़ से प्रयागराज रामबाग जा रही विभूति एक्सप्रेस वहां पहुंच गई।
रेलवे ट्रैक पर ग्रामीणों की भारी भीड़ देखकर पायलट ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ग्रामीणों और पायलट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। उसके बाद रेलवे के कर्मचारी पहुंचे और चटकी हुई पटरी को ठीक किया गया।
गर्मी की वजह से पटरी चटकने की संभावना
पिछले दो-तीन दिनों से यहां भीषण गर्मी पड़ रही है. जिसके चलते अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में संभव है कि गर्मी के कारण पटरी चटक गई हो।
रेलवे अधिकारियों की ओर से बताया गया कि भीषण गर्मी के दिनों में अक्सर पटरी चटकने के मामले सामने आते हैं। आपको यह भी बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब रेलवे ट्रैक चटकने के कारण पायलट और ग्रामीणों को सावधानी बरतनी पड़ी हो। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications