'भूत बंगले' में रहेंगे योगी आदित्यनाथ के ये मंत्री, बंगले से जुड़े हैं कई अपशकुन
इस बंगले का इतिहास कुछ ऐसा है कि कोई भी इस बंगले में रहना नहीं चाहता। कहा जाता है कि ये बंगला अपशकुनी है। यहां जो भी रहने आया, वो विवादों में घिरा।
लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पड़ोस में स्थित और 'भूत बंगले' के नाम से पहचान रखने वाले बंगला नंबर 6 को आखिरकार उसका मालिक मिल गया है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल अब इस बंगले में रहेंगे। आपको बता दें कि इस बंगले को लेकर कहा जाता है कि जो भी इसमें रहता है, उसे नुकसान उठाना पड़ता है।

कैबिनेट मंत्री हैं एसपी सिंह बघेल
कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने रामनवमी के दिन यानी आज अपने बंगले में गृह प्रवेश किया। बघेल से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा, 'इस बंगले को लेकर कई कहानियां मैंने भी सुनी हैं। मेरा मानना है कि जिसे ईश्वर में विश्वास हो, उसे इस तरह के अंधविश्वास पर यकीन नहीं करना चाहिए। मैं इसी बंगले में रहूंगा।' एसपी सिंह बघेल योगी सरकार में पशुपालन, लघु सिंचाई और मत्सय विभाग के मंत्री हैं। ये भी पढ़ें- मोदी मंत्रिमंडल में होगा बड़ा बदलाव, किसकी होगी छुट्टी, कौन होगा शामिल?

योगी सरकार का कोई मंत्री नहीं चाहता रहना
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ के सीएम पद की शपथ लेने के बाद उनकी सरकार के मंत्री इस बंगले को लेने से बच रहे थे। दरअसल इस बंगले का इतिहास कुछ ऐसा है कि कोई भी इस बंगले में रहना नहीं चाहता। कहा जाता है कि ये बंगला अपशकुनी है। यहां जो भी रहने आया, वो विवादों में घिरा और परेशानियों से दो-चार होता रहा। कुछ लोग इस बंगले को भूत बंगला कहकर भी पुकारते हैं।

नोएडा प्लॉट घोटाले में फंसी नीरा यादव
बंगले को लेकर मीडिया में चली खबरों के मुताबिक यहां रहने आए लोग परेशानियों से घिरे रहे हैं। इसे सच मानें या अंधविश्वास, लेकिन हकीकत कुछ ऐसी ही है। मुलायम सरकार के दौरान मुख्य सचिव रहीं नीरा यादव इसी बंगले में रहती थीं। वे नोएडा प्लॉट घोटाले में फंसी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। ऐसी कई घटनाएं हैं, जिनमें ये देखने को मिला कि यहां रहने वाले लोगों को किसी ना किसी मुसीबत में फंसना पड़ा।

इसी बंगले में रहते थे अमर सिंह
एक समय में समाजवादी पार्टी में अमर सिंह का सिक्का चलता था। वो भी बंगला नंबर 6 में रहते थे और उनकी हालत आज सबको पता है। उनका राजनीतिक करियर खत्म होने के कागार पर पहुंच चुका है। इसके अलावा प्रदीप शुक्ला का नाम प्रमुख है। प्रमुख सचिव, सामाजिक कल्याण के तौर पर वे यहां आए थे। उसके बाद वे एनएचआरएम घोटाले में फंसे। सपा सरकार के अलावा इस बंगले से बसपा सरकार का भी इतिहास जुड़ा है।

जो भी रहा बंगले में रहा, विवादों में रहा
बसपा सरकार में कद्दावर मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा भी इसी बंगले में रहते थे। वे सीएमओ मर्डर केस के साथ-साथ एनआरएचएम घोटाले में फंसे और फिर लैकफेड घोटाले में भी उनका नाम आया। ऐसे ही और भी कई नाम हैं, जो यहां रहे और परेशानियों में फंसे। इस बंगले के आस-पास रहने वाले लोग इसे भूत बंगले के नाम से पुकारते हैं। यही वजह है कि कोई भी मंत्री इस बंगले में रहने को तैयार नहीं होता।

PICS: कैसे तैयार होता है योगी का कुर्ता, बड़े नाखूनों से क्या है कनेक्शन
तो आईए आज आपको सीएम योगी के कुर्ते की खासियत बताते हैं...












Click it and Unblock the Notifications