BSP नेता ने बेटे की शादी SP विधायक की बेटी से की, मायावती हो गईं नाराज, पार्टी से कर दिया बाहर
उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में बेटे की शादी करने के बाद बहुजन समाज पार्टी के दिग्गज नेता पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह सागर को बसपा ने पार्टी से बाहर निकाल दिया। उन्होंने अपने बेटे की शादी अंबेडकर नगर के सपा विधायक की बेटी से की है।
ऐसे में शादी के ठीक बाद बहुजन समाज पार्टी से निकाले जाने को लेकर चर्चा है कि इस शादी की वजह से ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इस मामले को लेकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है।

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह सागर के साथ ही मौजूदा जिला अध्यक्ष प्रमोद सागर को भी पार्टी द्वारा निष्कासित कर दिया गया है। दो बड़े नेताओं को पार्टी से बाहर निकल जाने के बाद बसपा के जिला उपाध्यक्ष मौलाना फुरकान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
हालांकि इस मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी द्वारा सफाई दी गई है। बहुजन समाज पार्टी की तरफ से बताया गया है कि सुरेंद्र सिंह सागर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हो रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें पार्टी से बाहर निकाला गया है।
29 साल से बसपा से जुड़े थे
सुरेंद्र सागर 1995 में राजनीति की शुरुआत की थी। एक कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक पार शुरू करने के बाद छोटे पदों से लेकर जिला अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी उन्होंने संभाली। उन्होंने बताया कि चार बार जिला अध्यक्ष रहे इसके अलावा दो बार विधायक का चुनाव भी लड़े।
इसके अलावा बहुजन पार्टी की सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए उनके द्वारा काफी संघर्ष किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस बात को पार्टी के ही कुछ लोगों द्वारा बढ़ा-चढ़ाकर बहन जी के सामने पेश किया गया है।
दरअसल, सुरेंद्र सागर ने अपने बेटे अंकुर सागर का विवाह समाजवादी पार्टी के नेता और अंबेडकर नगर की आलापुर विधानसभा सीट से विधायक त्रिभुवन दत्त की बेटी कुसुम दत्त से की है। बताया जा रहा है कि शादी के समय से ही बहुजन समाज पार्टी के नेताओं में गुटबाजी देखने को मिली थी और शादी के बाद पार्टी द्वारा सुरेंद्र सागर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। फिलहाल अब इस मामले की चर्चा जोरों पर चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications