यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी समस्या
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज अपने आवास पर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र से आए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लोगों से मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करके उपमुख्यमंत्री ने लिखा"जन सेवा-नारायण सेवा"जनता जनार्दन की सेवा मेरा परम सौभाग्य है। आज दिनांक 22 मार्च, 2024 को लखनऊ स्थित अपने आवास पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये आगंतुकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भूटान के दौरे पर जिस तरह से भव्य स्वागत हुआ है उसकी तारीफ करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश और दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व को स्वीकार रही है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी को भूटान के सर्वोच्च राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा आज एक भारतीय के नाते मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। आपने मुझे भूटान के सर्वोच्च राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया है। हर अवार्ड अपने आप में विशेष होता है, लेकिन जब किसी अन्य देश से अवार्ड मिलता है, तो भरोसा मजबूत होता है कि हम दोनों देश सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
पीएम ने कहा ये सम्मान मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत और 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है. मैं भूटान की इस महान भूमि में सभी भारतीयों की ओर से इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं और इस सम्मान के लिए आप सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications