यूपी: इलाहाबाद में तोड़ी गई अंबेडकर की मूर्ति, धरने पर बैठे सपा सांसद
अराजक तत्वों ने शुक्रवार देर रात इलाहाबाद के झूंसी स्थित त्रिवेणीपुरम इलाके में लगी अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी।
Recommended Video

नई दिल्ली। त्रिपुरा में लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद मूर्तियों के टूटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर यूपी में डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। अराजक तत्वों ने शुक्रवार देर रात इलाहाबाद के झूंसी स्थित त्रिवेणीपुरम इलाके में लगी अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। सुबह जब लोगों ने प्रतिमा टूटी हुई देखी तो पुलिस को मामले की सूचना दी गई। अराजक तत्वों ने अंबेडकर की प्रतिमा के ऊपरी हिस्से को क्षतिग्रस्त किया है।

सपा सांसद नागेंद्र पटेल धरने पर बैठे
प्रतिमा तोड़े जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घटना स्थल के आस-पास पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, प्रतिमा तोड़े जाने की घटना पर रोष जताते हुए फूलपुर के सपा सांसद नागेंद्र पटेल धरने पर बैठ गए हैं। सपा सांसद ने प्रतिमा तोड़े जाने की घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना से इलाके में रोष
इससे पहले अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से नाराज लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भारी संख्या में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया। आपको बता दें कि इलाहाबाद के झूंसी में त्रिवेणीपुरम नया इलाका बसाया जा रहा है। यहां नई बिल्डिंग और रिहायशी मकान बनाए जा रहे हैं। इस इलाके में पार्क के किनारे अंबेडकर की मूर्ति लगाई गई थी।

जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में अराजक तत्वों को तलाश रही है। गौरतलब है कि देशभर में पिछले कई दिनों से मूर्तियां तोड़े जाने का क्रम चल रहा है। मामले में थानाध्यक्ष झूंसी ने बताया कि किसी ने जानबूझकर मूर्ति तोड़ी है और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। आसपास के घरो में लगी सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। जल्द ही यह पता चल जाएगा की मूर्ति किसने तोड़ी है। मूर्ति तोड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications