यूपी: बाराबंकी के इस लड़के की हैं 24 उंगलियां, अमीर बनने के लिए रिश्तेदार देना चाहते हैं बलि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ लोग एक लड़के की जान सिर्फ इसलिए लेना चाहते हैं, क्योंकि उसकी 24 उंगलियां हैं। एक तांत्रिक का कहना है कि ऐसे लड़के की बलि देने से वो अमीर हो जाएंगे। मामला पुलिस तक पहुंच गया है। लड़के के माता-पिता का कहना है कि एक तांत्रिक के कहने पर रिश्तेदार उसको मारने की कोशिश कर रहे हैं। लड़के के पिता ने कहा, 'हमने उसे स्कूल भेजना बंद कर दिया है। हमने पुलिस से भी मदद मांगी है।'

परिजनों का आरोप है कि थाने में शिकायत करा दी गई है लेकिन अभी तक कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है। आरोपी पकड़े जाएं तो वह घर से बाहर निकलें। इस मामले पर सर्किल अधिकारी उमाशंकर सिंह ने कहा, 'हमें शिकायत मिली है। मैं इसमें उचित जांच करूंगा और उसे शिक्षा से वंचित नहीं रहने दूंगा। वह आर्थिक रूप से कमजोर है इसलिए जब तक मेरी पोस्टिंग यहां है तब तक उसका शैक्षणिक खर्च मेरे द्वारा उठाया जाएगा।' जानकारी के मुताबिक बाराबंकी जिले में शिवनंदन नाम का एक लड़का है, उसके दोनों हाथों और पैरों में छह-छह उंगलियों को देखकर हर कोई हैरत में पड़ जाता है।
लेकिन इन्हीं चौबीस उंगलियों की वजह से आज उसकी जान खतरे में पड़ गई है। दरअसल लड़के के रिश्तेदार ही किसी तांत्रिक बाबा के अंधविश्वास और टोने-टोटके के जाल में फंसकर उसकी बलि देने की कोशिश में लगे हैं। जिसके चलते लड़के का पूरा परिवार डर-डर को जिंदगी गुजारने को मजबूर है। बच्चे के परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब है और उसके पिता खुन्नी लाल मिस्त्री का काम करके किसी तरह गुजारा चलाते हैं। लेकिन रिश्तेदारों के नापाक मंसूबों के चलते वह अब बच्चे की हिफाजत के लिए कहीं नहीं जाते। जिसके चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट भी आ गया है।
पीड़ित लड़के शिवनंदन ने बताया कि दो साल पहले उनके रिश्तेदार भागीरथ और हंसराज समेत कुछ लोग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और एक बाग में आठ लोगों के बीच बैठाकर पूजा कराई। उसकी उंगलियों में रंग से निशान लगवाए गए। लेकिन तभी उस बाबा ने कहा कि आज शुक्रवार है।अगर वह बलि गुरुवार को देंगे तो माया निकलेगी। शिवनंदन ने बताया कि मुहूर्त न निकलने के चलते वह लोग मुझे घर पर छोड़ गए और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो मुझे जान से मार देंगे। डरा-सहमा बच्चा जब घर पहुंचा तो उसने रोते हुए सारी बात मां-बाप को बता दी। बच्चे ने बताया कि अब वही लोग फिर से घर आकर मेरी बलि चढ़ाने की कोशिश में लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications