'वो आजादी नहीं, भीख थी', कंगना के बयान पर भड़के वरुण गांधी, बोले- इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?
'वो आजादी नहीं, भीख थी', कंगना के बयान पर भड़के वरुण गांधी, बोले- इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?
लखनऊ, 11 नवंबर: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अक्सर अपने बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में कंगना रनौत द्वारा दिए एक बयान पर पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। वरुण गांधी ने गुरुवार (11 नवंबर) को ट्वीट कर कहा, 'इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोही?' दरअसल, एक न्यूज़ चैनल पर अपने इंटरव्यू के दौरान कंगना रनौता ने कहा कि 1947 में मिली आजादी भीख थी, जबकि असली आजादी 2014 में मिली है।

कंगना रनौत के बयान पर वरुण गांधी ने ट्वीट कर जताई आपत्ति
पीलीभीत जिले से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट कर बॉलीवुड अभिनेत्री के बयान पर तीखी अपत्ति जताई है। वरुण गांधी ने कंगना का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा,
कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान, और अब शहीद मंगल पाण्डेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार। इस सोच को मैं पागलपन कहूँ या फिर देशद्रोह?
Recommended Video

जानें क्या कहा कंगना रनौत ने...
न्यूज़ चैनल को किए अपने एक इंटरव्यू में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने 1947 में मिली आजादी और हिंसा का जिक्र करते हुए कंगना ने कहा था कि वो आजादी नहीं थी बल्कि भीख थी। कंगना इतने पर ही नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा कि जो आजादी मिली है वह 2014 में मिली है।

बेतुके बयान पर कंगना को लोगों ने किया ट्रोल
कंगना रनौत अपने दिए बयान के वजह से अब सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही है। रिटायर्ड आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने कंगना का वीडियो ट्वीट कर लिखा, 'इसी लिए तो कहा था: "यदि शोहरत मिले तो सोनू सूद बनना, कंगना नहीं।" भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु सहित लाखों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को भीख बताने वाली कंगना।' सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए लोगों ने कहा कि कंगना हजारों कुर्बानियों को भीख बता रही हैं। कई लोगों ने यूपीए शासन काल के दौरान उन्हें नेशनल अवॉर्ड को स्वीकार किए जाने पर भी सवाल खड़े किए थे। एक यूजर का कहना था कि यदि वह आजादी भीख थी तो आपने वह नेशनल अवॉर्ड क्यों लिया।

एक्ट्रेस स्वरा भास्कर बोलीं- किसने बजाई तालियां
कंगना की इस बात पर एंकर ने कहा कि इसलिए सब आपको कहते हैं कि आप भगवा हैं। इस पर कंगना ने कहा, 'अभी इस बात के लिए मुझ पर 10 केस और होने वाले हैं।' कंगना के इस वीडियो को देखने के बाद एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर कहा, 'वो बेवकूफ लोग कौन हैं जिन्होंने इस बात को सुनकर तालियां बजाना शुरू कर दिया, मैं जानना चाहती हूं।' बता दें कि कंगना का बयान सुन कुछ लोगों ने तालियां भी बजाई थीं।

कंगना को मिला था पद्म श्री पुरस्कार
08 नवंबर को बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कंगना को पद्म श्री पुरस्कार राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दिया था। इस सम्मान को पाकर कंगना रनोट भी बेहद खुश हैं। कंगना ने अपनी खुशी सोशल मीडिया के माध्यम से जाहिर की है। अभिनेत्री ने एक वीडियो शेयर करते हुए उसमें इस सम्मान को मिलने के बाद लोगों को धन्यवाद दिया है।












Click it and Unblock the Notifications