मेरठ: भाजपा जिलाध्यक्ष ने विधायक संगीत सोम के खिलाफ खोला मोर्चा
शिवकुमार राणा ने संगीत सोम पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार कुलविंदर सिंह को हराने की साजिश करने और पार्टी विरोध गठबंधन बनाने के आरोप लगाए हैं।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष शवकुमार राणा ने डिप्टी सीएम व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या को पत्र लिखकर सरधना विधायक संगीत सोम पर बगावत और पार्टी के खिलाफ काम करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

संगीत सोम पर लगाए गंभीर आरोप
शिवकुमार राणा ने संगीत सोम पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार कुलविंदर सिंह को हराने की साजिश करने और पार्टी विरोध गठबंधन बनाने के आरोप लगाए हैं।

'संगीत सोम कर रहे हैं पार्टी विरोधी गतिविधि'
पत्र में शिवकुमार राणा ने लिखा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर उम्मीदवारी के लिए पार्टी के अन्य पदाधिकारी समेत चार सांसदों ने सर्वसम्मति से कुलविन्दर सिंह का नाम तय किया लेकिन सरधना से विधायक संगीत सोम उनके नाम पर सहमत नहीं हुए। संगीत सोम, लोकदल की एक नेता सपना हुड्डा को, सपा के पूर्वमंत्री शाहिद मंजूर, बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा रहे हैं। संगीत सोम ने विरोधियों को साथ मिलाकर एक संयुक्त टीम बनाई हुई है।

संगीत सोम पर अपहरण के आरोप
जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा संगीत सोम पर भाजपा विधायक दिनेश खटीक के जिला पंचायत सदस्य भाई नितिन खटीक के अपहरण का भी संगीन आरोप लगाया। पत्र में जिलाध्यक्ष ने केशव प्रसाद मौर्या को लिखा है कि संसदीय चुनाव से पहले एंटी भाजपा गठबंधन बनाने वाले सरधना विधायक संगीत सोम के खिलाफ पार्टी विरोध गतिविधि करने के लिए कार्रवाई की जाए।

'डिप्टी सीएम को बताना मेरा फर्ज'
इस बारे में पूछे जाने पर जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियां करनेवालों के बारे में प्रदेश अध्यक्ष को बताना मेरा फर्ज है, कार्रवाई करना या न करने का फैसला लेना उनका काम है।












Click it and Unblock the Notifications