विधानसभा चुनाव को लेकर BJP का प्लान, मंदिर निर्माण व उपलब्धियों को लेकर जल्द निकलेगी योगी की चुनावी यात्रा
लखनऊ, 20 अगस्त: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश और शीर्ष नेतृत्व की बैठक में यूपी की चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई। भाजपा सूत्रों के अनुसार सीएम योगी को कहा गया है कि चुनाव से पहले वो सरकार और राम मंदिर निर्माण की उपलब्धियों को लेकर एक यात्रा निकालें जिससे यूपी में एक महौल बनाया जा सके। इसके अलावा योगी सरकार ने काशी, मथुरा और अयोध्या की जो ब्रांडिंग पिछले साढ़े चार वर्षों में की है उसे भी यात्रा के दौरान नए कलेवर में पेश किया जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि योगी की इस चुनावी यात्रा को क्या नाम दिया जाएगा इस पर मंथन किया जाएगा और जल्द ही इसका खाका तैयार कर लिया जाएगा। इस यात्रा का रुट क्या होगा और कितने दिनों तक चलेगी अभी इस पर काम होना बाकी है। लेकिन जल्द ही इसको अंतिम रुप दिया जा सकता है। चुनाव में काफी कम समय बचा है लिहाजा योगी की यात्रा का रोडमैप तैयार करने की है।
भाजपा के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि,
''हालांकि यूपी में चुनावी अभियान की शुरुआत हो चुकी है लेकिन अभी उन्हीं मुद़दों पर फोकस किया जाएगा जो जनता से जुड़े होंगे। इसमें भी केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाए जाने वाले लोककल्याणकारी कामों पर ही फोकस किया जाएगा। सितम्बर और अक्टूबर के बाद पार्टी उन मुद्दों की तरफ फोकस करेगी जो चुनावी लिहाज से उसे शूट करते हैं। जैसे राम मंदिर का मुददा, तीन तलाक, कश्मीर में धारा 370 का लागू होना। लोगों को हिन्दुत्ववादी मुद्दों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।''
चुनाव से पहले क्या होगा बीजेपी का मास्टर प्लान
भाजपा के पदाधकारियों की माने तो UP विधानसभा के चुनावी अभियान को दो चरणों में बांटा जाएगा। पहले चरण में जनता से जुडे़ मुद्दों और सरकार के अच्छे कामों पर फोकस होगा। इसमें पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि योजना और उज्जवला योजना के बारे में बताया जाएगा। इससे सरकार के कामों के बारे में लोगों को जानकारी हो सकेगी। इसके लिए सभी विभागों को जनता के बीच जाने का टास्क भी पकड़ा दिया गया है। इसके अलावा योगी सरकार ने पिछले साढे चार साल में अयोध्या, काशी और मथुरा में जिस तहर से धार्मिक त्योहारों को फलने फूलने का मौका दिया है, उसको भी जनता को बताया जाएगा।

अयोध्या, काशी और मथुरा तीनों चुनावी एजेंडे में रहेंगे
भाजपा के सूत्र बताते हैं कि योगी सरकार ने इन तीनों शहरों में दिल खोलकर पैसा खर्च किया है। अयोध्या में हर वर्ष दशहरा के दौरान मुख्यमंत्री खुद ही जाते रहे हैं और वहां दीपोत्सव का ऐतिहासिक कार्यक्रम सरकार करवाती रही है। इसी तरह काशी में भी देव दीपावली के मौके पर सरकार दिल खोलकर पैसा खर्च करती है। वाराणसी की आध्यात्मिकता को भुनाने के लिए काशी में गंगा किनारे बने घाटों को शानदार और भव्य तरीके से सजाया जाता है, इस पर भी सरकार काफी पैसा खर्च करती है।
काशी विश्वनाथ मंदिर के नए स्वरूप काशी विश्वनाथ धाम को नए कलेवर में सामने लाने का काम चल रहा है। हालांकि यह पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है लेकिन विधानसभा चुनाव में इसका भी बखान बीजेपी करेगी। मथुरा में भी सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में धार्मिक कार्यक्रमों पर ज्यादा फोकस किया। ब्रज की होली हो या श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मनाए जाने वाले त्यौहार हों सबकी ब्रांडिंग योगी सरकार ने की।
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी कहते हैं,
'' केंद्र और राज्य सरकार ने बहुत सारी ऐसी योजनाएं चलाईं हैं जिनका फायदा गरीब तबके के लोगों को मिला है। इन योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने का काम विभाग की तरफ से किया जा रहा है। आयोग की तरफ से बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरुक किया जा रहा है।''
बीजेपी के पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव से ठीक पहले दूसरे चरण में राम मंदिर को केंद्र में रखकर आगे बढ़ा जाएगा। राम मंदिर निर्माण की उपलब्धियों को लेकर पूरे प्रदेश में एक यात्रा निकाली जाएगी जिसका नेतृत्व सीएम करेंगे। इसका मकसद यह है कि जनता को भावनात्मक तौर पर भी जोड़ा जा सके। राम मंदिर को अपनी उपलब्धि बताकर सरकार जनता के बीच जाएगी।

जनता के बीच फैली नाराजगी के बाद जोखिम नहीं लेना चाहती BJP
महामारी की दूसरी लहर में योगी सरकार को जिस तरह जानता की नाराजगी के साथ ही अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की नाराजगी झेलनी पड़ी है। उसके बाद पार्टी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है। कई मंत्रियों, विधायकों ने सीधे तौर पर सीएम योगी को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस वजह से पार्टी सरकार के अच्छे कामों को लेकर ही जनता के बीच जाएगी। काशी, मथुरा, अयोध्या की ब्रांडिंग सरकार की रणनीति का ही एक हिस्सा था। अब योगी की चुनावी यात्रा में इनका समावेश भी देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications