Bijali Bill: मीटर गड़बड़ी या गलत बिल से परेशान हैं? 17 से 19 जुलाई तक हर ब्लॉक पर लगेगा समाधान कैंप
Bijali Bill: अगर आपके बिजली बिल में कोई गड़बड़ी है या मीटर ठीक से काम नहीं कर रहा, तो अब आपको भाग-दौड़ करने की ज़रूरत नहीं है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सीधे सुलझाने के लिए 17 से 19 जुलाई तक 'बिल समाधान मेगा कैम्प' का आयोजन किया है। इस दौरान सभी जिलों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कैंप लगाए जाएंगे।
ये विशेष कैम्प सिर्फ बिल संशोधन तक सीमित नहीं होंगे। यहां मीटर में गड़बड़ी, लोड बढ़ाने, नए कनेक्शन, विधा परिवर्तन और भुगतान से जुड़ी समस्याओं का भी निपटारा होगा। उपभोक्ताओं को मौके पर ही शिकायत की रसीद दी जाएगी और उनका समाधान एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (वाणिज्य) की निगरानी में यह अभियान संचालित होगा, और डिस्कॉम व कॉरपोरेशन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी इसकी नियमित समीक्षा करेंगे। इसका मकसद उपभोक्ताओं का भरोसा जीतना और पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करना है।
हर ब्लॉक में लगेगा समाधान शिविर
बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान अब आपके ही ब्लॉक स्तर पर मिलेगा। कैंप में मौजूद अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि आपकी हर शिकायत को हेल्पडेस्क 1912 पर पंजीकृत किया जाए। उपभोक्ता अपनी शिकायत खुद भी दर्ज करा सकते हैं और वहीं पर शिकायत की डिजिटल या प्रिंटेड रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं।
शिकायत का निपटारा एक सप्ताह में करने की व्यवस्था की गई है। यदि जरूरत पड़ी तो टीम मौके पर जाकर मीटर की जांच करेगी और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर बिल में संशोधन किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बिल सुधार के लिए बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर रहेगा फोकस
हर शिकायत पर एक 'बिल रिवीजन मेमो' यानी BRIM जनरेट किया जाएगा जिसे उपभोक्ता अपने ऑनलाइन अकाउंट पर देख सकेंगे। इससे न केवल पारदर्शिता बनी रहेगी बल्कि उपभोक्ताओं को यह भी पता रहेगा कि उनकी समस्या कहां तक पहुंची है।
इसके अलावा, हर जिले और खंड में जिम्मेदारी तय करने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। हर दिन की गतिविधियों की रिपोर्ट ली जाएगी और यदि किसी शिविर में कोई कमी पाई जाती है, तो उसका समाधान तुरंत किया जाएगा।
इस दौरान बिजली विभाग यह भी सुनिश्चित करेगा कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की असुविधा न हो। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होगी और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अन्य तकनीकी स्टाफ शिविर में मौजूद रहेंगे ताकि हर समस्या को मौके पर समझा और सुलझाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications