यूपी में बड़ा हादसा: हाई टेंशन लाइन से टकराई शिव भक्तों की डाक कांवड़, 5 की मौत, कई झुलसे
शनिवार को कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन शिवरात्रि के मौके पर मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ। देर शाम हाई टेंशन लाइन से डाक कांवड़ का डीजे टकराने के बाद उसमें करंट उतर गया, जिसमें झुलस कर 5 कांवड़ियों की मौत हो गई। वहीं, एक दर्जन से अधिक गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। सभी घायलों को मेरठ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, राली चौहान गांव से 32 कांवड़ियों का जत्था चार जुलाई को हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गया था। बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर को सभी लोग वापस लौटे थे। जत्थे में शामिल युवाओं ने बताया कि उन्हें गांव के मंदिर में जलाभिषेक करना था। जिसके चलते उन्होंने पहले ग्राम प्रधान और फिर बिजली घर के अवर अभियंता को कॉल करके गांव की विद्युत आपूर्ति बंद करने को कहा था। रात को नाचते-गाते कावड़िए मंदिर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ऊपर गुजर रही 11 हजार की हाई वोल्टेज लाइन में डीजे की कॉलम टच हो गई। जिसके चलते पूरे डीजे में करंट उतर गया।

बताया जाता है उस दौरान लगभग 20 कांवड़िया गाड़ी पर मौजूद थे, जो सभी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घटना के चलते गांव में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी देहात कमलेश बहादुर, सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया और थाना प्रभारी अतर सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
झुलसे हुए सभी कांवड़ियों को आनंद और न्यूट्रिमा हॉस्पिटल सहित मेरठ के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां राली चौहान गांव के रहने वाले हिमांशु, महेंद्र, प्रशांत और लख्मी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि एक दर्जन से अधिक कांवड़ियों की हालत गंभीर बनी है। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा है।
वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डेरा डाले हुए हैं। ग्रामीणों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए जाम लगाकर घंटों हंगामा किया। देर रात तक हंगामा जारी था।












Click it and Unblock the Notifications