भीम आर्मी ने कांग्रेस प्रत्याशी पर कराया मुकदमा दर्ज, 'रावण' के नाम पर वोट मांगने का आरोप
भीम आर्मी के विधानसभा प्रभारी रोहित राज गौतम की तहरीर पर नकुड़ थाना पुलिस ने कांग्रेस के अम्बेहटा नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशी चौधरी इनाम शाकिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर। निकाय चुनाव में वोटों के ध्रुवीकरण को लेकर भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण के नाम का दुरुपयोग करने का आरोप नगर पंचायत अम्बेहटा के कांग्रेस प्रत्याशी पर लगा है। भीम आर्मी की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण के नाम से वोट मांगे हैं और दलित वोटरों को गुमराह करने का प्रयास किया है। भीम आर्मी के विधानसभा प्रभारी रोहित राज गौतम की तहरीर पर नकुड़ थाना पुलिस ने कांग्रेस के अम्बेहटा नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशी चौधरी इनाम शाकिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

नाम के दुरुपयोग का आरोप
चुनाव से पहले भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण के समर्थन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कई बार आवाज उठाई थी। चंद्रशेखर की हालत बिगड़ने पर वे उसे देखने के लिए अस्पताल भी पहुंचे। इतना ही नहीं चंद्रशेखर को जब डलहौजी से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया तो उसी दिन रावण की मां और भाई के अलावा अन्य कार्यकर्ता इमरान मसूद के आवास पर पहुंचे थे और यहां आयोजित एक प्रेसवार्ता में इमरान मसूद ने ये मांग की थी कि चंद्रशेखर के साथ पुलिस कोई दुर्व्यवहार ना करे। साथ ही चेतावनी भी दी गई थी कि यदि ऐसा हुआ तो कांग्रेस चंद्रशेखर और दलित समाज की लड़ाई लड़ेगी।

इतना ही नहीं शब्बीरपुर प्रकरण के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी दलित परिवारों से मिलने के लिए सहारनपुर आए थे। ये अलग बात है कि प्रशासन ने उन्हें शब्बीरपुर तक नहीं जाने दिया था। ऐसे में अब कांग्रेस ने सहारनपुर में निकाय चुनाव में दलित वोटों के लिए भीम आर्मी का सहारा लेना चाहा तो भीम आर्मी विरोध में आ गई और कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ थाना नकुड़ में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications