'हिंदू हो, मीट कैसे पहुंचा सकते हो? बजरंग दल ने डिलीवरी बॉय की लगा दी क्लास, कस्टमर का जवाब बना चर्चा का विषय
Ghaziabad Bajrang dal video: सावन के पावन महीने में नॉन-वेज खाना या बेचना इन दिनों सिर्फ व्यक्तिगत पसंद या धार्मिक आस्था का मामला नहीं रहा। अब यह एक सामाजिक बहस और टकराव का मुद्दा बनता जा रहा है। गाजियाबाद से आई एक तीन मिनट की वायरल वीडियो क्लिप ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर इस बहस को हवा दे दी है।
वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि दो बजरंग दल के सदस्यों ने एक डिलीवरी बॉय को सिर्फ इसलिए रोका क्योंकि वह मीट ऑर्डर लेकर जा रहा था। घटना विजय नगर इलाके की बताई जा रही है, जहां डिलीवरी ऐप का एक लड़का अपना ऑर्डर पहुंचाने जा रहा था।

"तुम हिंदू हो, शर्म नहीं आती?" - बजरंग दल का सवाल
करीब तीन मिनट के इस वीडियो में बजरंग दल का एक सदस्य डिलीवरी बॉय से कहता है, "तुम हिंदू हो, शर्म नहीं आती मीट पहुंचाते हुए?" जब डिलीवरी बॉय अपना नाम और जाति बताता है कि वो राजपूत है, तब दूसरा सदस्य और भड़क जाता है और कहता है, "हिंदू होकर मीट बेच रहे हो?"
कस्टमर से फोन पर बात: "क्या आप हिंदू नहीं हैं?"
बात यहीं नहीं रुकी। बजरंग दल कार्यकर्ता ने डिलीवरी बॉय से ग्राहक का नाम और नंबर पूछा और फोन पर बात की। कस्टमर, जो एक महिला थी उसने बताया कि वह ईसाई है। जवाब में बजरंग दल सदस्य ने कहा, "ओह, आप हिंदू नहीं हैं? मुस्लिम हैं?"
महिला ने तुरंत जवाब दिया, "नहीं, मैं ईसाई हूं। और इससे आपको क्या मतलब?" इस पर बजरंग दल सदस्य ने कहा कि वह सिर्फ सावन में नॉन-वेज रोकने की कोशिश कर रहे हैं। महिला ने कहा, "ठीक है, मेरा ऑर्डर भेजो।" इस पर कार्यकर्ता ने कहा, "ठीक है," और फोन वापस कर दिया।
🚨Harassment Alert 🚨
"No one should eat non veg during Sawan"
Bajrang Dal goons stopped Blinkit delivery boy in Ghaziabad. pic.twitter.com/VLDb030css
— 👑Che_Krishna🇮🇳💛❤️ (@CheKrishnaCk_) July 23, 2025
बजरंग दल का बयान: "सिर्फ कुछ दिन की अपील है"
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए बजरंग दल के सदस्य सुभाष ने पुष्टि की कि वीडियो में दिख रहे लोग उनके संगठन के हैं। उन्होंने कहा, "हमने सभी रेस्टोरेंट और दुकानदारों से अपील की है कि शिवरात्रि तक नॉन-वेज न बेचें। यह सिर्फ कुछ दिनों की बात है और जनता का भी साथ मिल रहा है।"
वहीं इस मामले पर कोतवाली एसीपी रितेश त्रिपाठी ने हिंदुस्तना टाइम्स को बताया कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज की गई है। वीडियो वायरल होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की कोई सूचना नहीं है। पिछले हफ्ते गाजियाबाद के ही KFC आउटलेट के बाहर बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने "जय श्री राम" और "हर हर महादेव" के नारे लगाए और रेस्टोरेंट स्टाफ से नॉन-वेज बेचने पर सवाल किया। उस समय भी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिए कमाल के रिएक्शन
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बजरंग दल पर सवाल उठाए। कई लोगों ने इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और रोजगार के अधिकार में दखल बताया। एक यूजर ने लिखा - "अब क्या आप तय करेंगे कि कौन क्या खाएगा और कब काम करेगा?" सावन में धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के टकराव का ये ताज़ा मामला दिखाता है कि कैसे धार्मिक संवेदनशीलता के नाम पर युवाओं को उनके रोजगार से रोका जा रहा है। ये बहस सिर्फ मीट पर नहीं, बल्कि संविधान, अधिकारों और सह-अस्तित्व की भी है।












Click it and Unblock the Notifications