सहारनपुर: धार्मिक प्रतिमाएं तोड़ शब्बीरपुर में फिर से माहौल बिगाड़ने का प्रयास, इलाके में तनाव
मंगलवार सुबह में पुलिस को सूचना मिली कि शब्बीरपुर गांव के एक मंदिर में धार्मिक प्रतिमा को खंडित किया गया है जिसे सुन अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए।
सहारनपुर। जातीय हिंसा के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहे शब्बीरपुर में अब धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को एक बेहद ही अशोभनीय कार्य किया गया लेकिन पुलिस प्रशासन की सजगता और ग्रामीणों की दूरदर्शिता से अराजक तत्वों का यह प्रयास विफल हो गया।

प्रतिमा खंडित होने की बात सुन अधिकारियों के हाथ पांव फूले
दरअसल, मंगलवार सुबह में पुलिस को सूचना मिली कि शब्बीरपुर गांव के एक मंदिर में धार्मिक प्रतिमा को खंडित किया गया है जिसे सुन अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। डीएम, एसएसपी मौके पर पहुंचे। मगर जागरूक ग्रामीणों ने किसी कार्रवाई से इंकार करते हुए एक मत हो मामला आपस में ही सुलझा लेने की बात कह तूल पकड़ने से पहले ही दबा दिया।

सभी वर्गों के लोग मौके पर पहुंचे
पिछले दिनों सिलसिलेवार हुई जातीय हिंसा के बाद पहले से ही गांव और आसपास क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स तैनात है और पुलिस प्रशासन के अथक प्रयासों से शब्बीरपुर गांव पटरी पर लौटता नजर आ रहा है। शब्बीरपुर के ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह गांव के मंदिर में धार्मिक प्रतिमा खंडित देखी, तो वहां सभी वर्गो के लोग इकट्ठा हो गए। प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही डीएम प्रमोद कुमार पांडे और एसएसपी बबलू कुमार अतिरिक्त फोर्स के साथ गांव पहुंच गये और ग्रामीणों से बातचीत की।

रात में दिया गया इस कृत्य को अंजाम
ग्रामीणों ने बताया कि रात में किसी समय जानबूझकर इस कृत्य को अराजक तत्वों द्वारा अंजाम दिया गया है, क्योंकि गांव के साथ-साथ जनपद की शांति बहाली को पलीता लगाना चाहते है, मगर मौके पर जुटे विभिन्न वर्गो के लोगों ने एक मत से अधिकारियों को कह दिया कि वह किसी प्रकार की कार्रवाई कर तनाव को बढ़ावा नहीं देंगे और इस मामले को आपस में ही बातचीत कर निपटा लिया जायेगा। साथ ही ग्रामीणों ने खण्डित प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा स्वयं ही स्थापित करा लेने की बात कही। इसके बाद अधिकारी वापस लौट आये और अराजक तत्वों के मन्सूबों पर भी पानी फिर गया।












Click it and Unblock the Notifications