अबान के जनाजे में भी अली-उमर पर कड़ी पाबंदी! आम लोगों से बात नहीं, सिर्फ इन 3 लोगों से मिलने की इजाजत
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत के बाद परिवार एक बार फिर मुश्किल दौर से गुजर रहा है। अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके दोनों बड़े भाइयों अली अहमद और उमर अहमद को हाईकोर्ट से पैरोल मिल गई है। लेकिन यह आजादी पूरी तरह खुली नहीं है। अदालत ने दोनों के लिए कई सख्त शर्तें तय की हैं।
सबसे खास बात यह है कि जनाजे के दौरान अली और उमर आम लोगों से बातचीत नहीं कर सकेंगे। मीडिया से दूरी रखनी होगी। सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट नहीं कर सकेंगे। सार्वजनिक सभा में बोलने की भी इजाजत नहीं होगी। इतना ही नहीं, परिवार के भी सिर्फ तीन लोगों से मिलने की अनुमति दी गई है।

सिर्फ तीन लोगों से मिल सकेंगे अतीक अहमद के बेटे अली-उमर
अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अली और उमर को अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी। जस्टिस अजय भानोट और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की पीठ ने शुक्रवार को इस मामले पर आदेश दिया।
अदालत के निर्देश के मुताबिक, दोनों को पुलिस सुरक्षा में सीधे कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। जनाजे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें वापस उनकी संबंधित जेलों में भेज दिया जाएगा।
इस दौरान दोनों सिर्फ परवीन कुरैशी, अपने भाई अहजम अहमद और अंतिम संस्कार कराने वाले धार्मिक व्यक्ति से बातचीत कर सकेंगे। अदालत ने साफ कहा कि इसके अलावा किसी और व्यक्ति से बातचीत की अनुमति नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों का भी दोनों को सख्ती से पालन करना होगा।
मीडिया से बात नहीं, सोशल मीडिया पर भी पाबंदी
पैरोल के साथ चार बड़ी पाबंदियां लगाई गई हैं। अली और उमर मीडिया से बात नहीं कर सकते। सोशल मीडिया पर कोई गतिविधि नहीं कर सकते। किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं कर सकते। इसके अलावा अंतिम संस्कार के अलावा किसी दूसरे कार्यक्रम में शामिल होने की भी अनुमति नहीं है।
अदालत ने दोनों को यह भरोसा भी देना पड़ा कि वे पैरोल के दौरान इन शर्तों का पालन करेंगे। यानी जेल से बाहर आने के बावजूद दोनों की पूरी गतिविधि पुलिस निगरानी में रहेगी। उनका सफर जेल से शुरू होगा और सीधे कब्रिस्तान तक जाएगा। अंतिम संस्कार के बाद उन्हें फिर जेल पहुंचाया जाएगा।
अली को झांसी से, उमर को लखनऊ से निकाला गया
पैरोल के आदेश के बाद दोनों को अलग-अलग जेलों से प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जबकि उमर अहमद लखनऊ जेल में है। 08 अगस्त सुबह करीब साढ़े 9 बजे अली को झांसी जेल से बाहर निकाला गया। करीब 30 पुलिसकर्मी उसके साथ थे। उसे करीब 400 किलोमीटर दूर प्रयागराज ले जाया गया। पुलिस वैन के चारों तरफ सुरक्षा का इंतजाम था।
अली का चेहरा बाहर से दिखाई न दे, इसके लिए वैन पर पर्दे लगाए गए। जेल के बाहर बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी मौजूद थे, लेकिन पुलिस ने वैन को इस तरह खड़ा किया कि अली की झलक तक बाहर नहीं आ सकी। लखनऊ जेल से उमर को दोपहर करीब 12:30 बजे निकाला गया। उसकी वैन पर भी पर्दे लगाए गए। उसके साथ 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी थे। दोनों वाहनों के आगे और पीछे पुलिस की गाड़ियां चल रही थीं। रास्ते में जिस थाना क्षेत्र से दोनों गुजरेंगे, वहां की स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा में शामिल रहेगी।
चार साल में पहली बार मिली पैरोल
अली और उमर को करीब चार साल में पहली बार पैरोल पर जेल से बाहर आने का मौका मिला है। इस बार वजह बेहद निजी है। दोनों को अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल होना है। लखनऊ और झांसी से प्रयागराज पहुंचने में कई घंटे लग सकते हैं। इसके बाद दोनों को सीधे कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाना है।
यहीं अबान को उसके पिता अतीक अहमद के पास दफनाया जाएगा। इसी कब्रिस्तान में अतीक के पिता फिरोज अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें भी हैं।
भाई से मिलने जा रहा था अबान, रास्ते में हुई मौत
अबान की मौत 6 अगस्त को झांसी में हुए सड़क हादसे में हुई। वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था। अबान के साथ उसके चार दोस्त भी थे। कार झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र से गुजर रही थी। सुबह करीब 10:30 बजे रास्ते में अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में 21 साल के अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। कार में मौजूद तीन अन्य लोग घायल हुए। घायलों में आजम, मोहम्मद जावेद और उमर के नाम सामने आए हैं। अबान और सोनू के शव शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव लाए गए। हादसे के बाद अबान का शव उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया। अतीक का घर टूटने के बाद अबान के वहीं रहने की जानकारी सामने आई थी।
पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज लाया गया शव
हादसे की खबर मिलते ही अबान का भाई अहजम और घायलों के परिजन झांसी पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को प्रयागराज लाया गया। अबान की कब्र भी उसी कब्रिस्तान में तैयार की गई है, जहां उसके पिता और परिवार के दूसरे सदस्यों की कब्रें मौजूद हैं। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस भाई से मिलने के लिए अबान झांसी जा रहा था, उसी भाई को अब उसकी आखिरी विदाई में शामिल होने के लिए पुलिस सुरक्षा में वापस प्रयागराज आना पड़ रहा है।
जनाजे में मौजूद होंगे, लेकिन किसी से खुलकर मिल नहीं पाएंगे
अली और उमर को पैरोल जरूर मिली है, लेकिन यह सामान्य पारिवारिक मुलाकात जैसी नहीं होगी। दोनों की आवाजाही तय रहेगी। पुलिस उनके साथ रहेगी। मीडिया से दूरी रहेगी। सोशल मीडिया पर कोई गतिविधि नहीं होगी। परिवार के बीच मिलने का यह मौका भी सीमित रहेगा। अदालत ने सिर्फ परवीन कुरैशी, अहजम अहमद और अंतिम संस्कार कराने वाले धार्मिक व्यक्ति से बातचीत की अनुमति दी है।
इसका मतलब साफ है अबान के जनाजे में उसके दोनों भाई मौजूद तो रहेंगे, लेकिन वहां आम लोगों से मिलने या बातचीत करने की आजादी उनके पास नहीं होगी। अंतिम संस्कार पूरा होते ही दोनों को वापस जेल ले जाया जाएगा। अबान की मौत ने अतीक अहमद के परिवार को एक और गहरे सदमे में डाल दिया है। और इस बार परिवार के लिए सबसे मुश्किल तस्वीर यही है कि छोटा भाई कब्र में जा रहा है, जबकि उसके बड़े भाई पुलिस पहरे में उसकी आखिरी विदाई देकर फिर जेल लौटेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
