पिता अतीक अहमद के सामने गाय, बेटे अबान की कार के सामने बछड़ा! 3 साल बाद फिर वही संयोग, क्यों उठे सवाल?
अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत ने एक पुराने घटनाक्रम की याद फिर ताजा कर दी है। मार्च 2023 में जब अतीक अहमद को साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा था, तब उसके काफिले के सामने एक गाय आ गई थी और टक्कर में उसकी मौत हो गई थी।
अब 6 अगस्त 2026 को अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की कार के सामने झांसी के पास एक बछड़ा आने की बात सामने आई। उसे बचाने की कोशिश में कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। अब इसी समानता को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें चल रही हैं। लेकिन असली कहानी क्या है? हादसा कैसे हुआ और पिता-बेटे से जुड़ा यह अजीब संयोग आखिर इतना चर्चा में क्यों है? आइए समझते हैं।

अबान अहमद के साथ उस सुबह आखिर हुआ क्या?
6 अगस्त की सुबह अबान अहमद प्रयागराज से झांसी के लिए निकला था। उसका मकसद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलना था, जो झांसी जेल में बंद है। अबान के साथ चार दोस्त भी थे। सभी क्रेटा कार से सफर कर रहे थे।
झांसी पहुंचने से करीब 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र में कार हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे पर अचानक एक बछड़ा सामने आ गया। ड्राइवर ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार हवा में उछल गई। करीब 40 फीट तक गाड़ी के टूटे हिस्से सड़क पर बिखर गए। कार का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुले, लेकिन टक्कर की ताकत इतनी ज्यादा थी कि अबान और उसके दोस्त सोनू को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस और राहगीरों ने गाड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बाकी तीन घायल दोस्तों उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पोस्टमार्टम में सामने आईं 23 चोटें
अबान के शव का पोस्टमार्टम झांसी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल ने किया। पैनल में डॉ. रजनीश, डॉ. पंकज मुस्तरिया और डॉ. जिया जफर शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान अबान के शरीर पर कुल 23 चोटें मिलीं। रिपोर्ट के मुताबिक उसके लीवर और लंग्स बुरी तरह फट गए थे। पसलियों में कई फ्रैक्चर थे और शरीर के अंदर काफी खून बहा था। इन्हीं गंभीर चोटों को मौत की वजह बताया गया।
उसके दोस्त सोनू के सिर की हड्डी टूट गई थी। उसके दोनों हाथों में भी फ्रैक्चर मिला। यानी यह कोई मामूली टक्कर नहीं थी। कार जिस तरह से क्षतिग्रस्त हुई और शरीर पर जिस तरह की चोटें मिलीं, उससे टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब पिता अतीक से जुड़ी 2023 की घटना क्यों याद आई?
अब इस कहानी का वह हिस्सा आता है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दिया है। मार्च 2023 में अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा था। पुलिस का काफिला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर एक गाय आ गई।
पुलिस वैन की गाय से टक्कर हुई। गाय की मौके पर ही मौत हो गई। काफिला कुछ देर के लिए रुका और इसके बाद प्रयागराज की ओर रवाना हो गया। उस समय भी इस घटना का वीडियो सामने आया था। वीडियो में काफिले के गुजरने के दौरान गाय के सड़क पर आने और वाहन की टक्कर के बाद उसके दूर तक घिसटने का दृश्य दिखाई दिया था।
अब करीब तीन साल बाद अतीक के बेटे अबान की मौत के मामले में भी जानवर के सड़क पर आने की बात सामने आई। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार सामने गाय नहीं, बल्कि बछड़ा होने की बात कही गई। यही समानता सोशल मीडिया पर लोगों को चर्चा का मौका दे रही है।
यहां सबसे जरूरी बात समझनी होगी। दो घटनाओं में एक जैसी परिस्थिति दिखना अपने आप में किसी कनेक्शन का सबूत नहीं है। हालांकि ये एक संयोग मात्र है। 2023 में अतीक के काफिले के सामने गाय आने और 2026 में अबान की कार के सामने बछड़ा आने की घटनाएं अलग-अलग समय पर हुईं। दोनों मामलों में सड़क पर जानवर आने की बात सामने आई। लेकिन इससे आगे किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए ठोस सबूत चाहिए।
भाई से मिलने निकला था अबान, लेकिन रास्ते में जिंदगी खत्म हो गई
अबान का झांसी जाना भी इस पूरी कहानी को और भावुक बना देता है। वह जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। अबान अक्सर अली से मिलने झांसी जाता था। परिवार से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच काफी करीबी थी। मुलाकात के दौरान दोनों गले मिलते थे। अबान अपने भाई के लिए किताबें भी लेकर जाता था।
हादसे के बाद कार से दो किताबें मिलीं। इनमें 'द स्टेशनरी शॉप ऑफ तेहरान' और 'द इडियट' शामिल थीं। यानी जिस सफर का मकसद भाई से मिलना था, वही अबान का आखिरी सफर बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से यह भी बताया गया कि हादसे के बाद अबान ने मदद के लिए कहा था। उसके आखिरी शब्द थे, "मुझे बचा लो। मैं अबान अहमद, अतीक अहमद का बेटा हूं।''
जेल में अली को जब भाई की मौत की खबर मिली
अबान की मौत की खबर झांसी जेल में बंद अली अहमद तक पहुंची तो वह बुरी तरह टूट गया। जेल से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अली पूरी रात सो नहीं पाया। वह बार-बार हादसे के बारे में पूछता रहा।
उसने अपने भाई को याद करते हुए कहा, "अब भाई भी मुझे छोड़कर चला गया।" अली आम दिनों में सुबह एक्सरसाइज करता था और लोगों से बातचीत भी करता था। लेकिन अबान की मौत के बाद वह काफी देर तक अपनी कोठरी में ही रहा। अगले दिन उसने हल्का नाश्ता किया और फिर खाना खाने के लिए भी बाहर नहीं निकला।
अब अली और उमर पहुंचेंगे अबान के जनाजे में
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए झांसी जेल में बंद अली और लखनऊ जेल में बंद उमर ने हाईकोर्ट से पैरोल मांगी थी। 07 अगस्त को दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत से जुड़े। दोनों ने कहा कि वे अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने अदालत को भरोसा दिया कि इस दौरान वे मीडिया से बात नहीं करेंगे, सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट नहीं करेंगे, सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करेंगे और किसी दूसरे कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे।
अदालत ने इन्हीं शर्तों के साथ दोनों को जनाजे में शामिल होने की अनुमति दी। आदेश के मुताबिक दोनों को सीधे जेल से कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाना है। वहां पुलिस की निगरानी में उन्हें छोटे भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से एक घंटे मिलने की अनुमति दी गई। इसके बाद उन्हें वापस जेल भेजा जाना है।
अली को झांसी जेल से प्रयागराज ले जाने के लिए पुलिस ने खास सुरक्षा व्यवस्था की। वैन पर पर्दे लगाए गए ताकि उसका चेहरा बाहर से दिखाई न दे। करीब 30 पुलिसकर्मियों के साथ उसे करीब 400 किलोमीटर दूर प्रयागराज ले जाया गया। रास्ते में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की स्थानीय पुलिस को भी एस्कॉर्ट के लिए अलर्ट किया गया।
अतीक अहमद वाले कब्रिस्तान में अबान की आखिरी विदाई
अबान का शव 7 अगस्त तड़के करीब चार बजे झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव लाया गया। हादसे के बाद उसका परिवार यहीं ठहरा हुआ था। अतीक का घर टूटने के बाद अबान के यहां रहने की जानकारी भी सामने आई है।
अबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया। इसी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद, दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्रें भी हैं। अबान का शव लेने झांसी पहुंचे उसके भाई अहजम ने कहा, "अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली।" 2023 में असद के एनकाउंटर के बाद अशरफ का भी ऐसा ही बयान सामने आया था।


Click it and Unblock the Notifications
