सहायक अध्यापिका ने स्कूल इंचार्ज को पीटा, शिक्षामित्र संघ में आक्रोश
आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत कनक चौधरी एक महीने से विद्यालय नहीं आ रही थी। मंगलवार सुबह वो विद्यालय पहुंची लेकिन रजिस्टर में आकस्मिक अवकाश लिखा देखकर कनक चौधरी आग बबूला हो उठी।
बहराइच। बहराइच के ककरा नेवादा गांव के प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज पर मंगलवार को सहायक अध्यापिका ने हमला बोल दिया। अध्यापिका ने उसके सिर को मेज और दीवार पर पटक दिया। जिससे इंचार्ज घायल होकर बेहोश हो गई। स्कूल स्टाफ की सूचना पर पति ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थाने में आरोपित अध्यापिका के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।

देहात कोतवाली अंतर्गत बड़ागांव की रहने वाली मिथलेश कुमारी विकास खंड चित्तौरा के ककरा नेवादा गांव में प्राथमिक विद्यालय समायोजित शिक्षिका हैं। विद्यालय का प्रभार भी मिथलेश के पास है। आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत कनक चौधरी एक महीने से विद्यालय नहीं आ रही थी। मंगलवार सुबह वो विद्यालय पहुंची लेकिन रजिस्टर में आकस्मिक अवकाश लिखा देखकर कनक चौधरी आग बबूला हो उठी।

अवकाश कैसे लिख दिया, ये सवाल करते हुए कनक चौधरी भिड़ गई और हमला बोल दिया। जान माल की धमकी देते हुए उसने इंचार्ज का सिर दीवार और मेज पर पटक दिया। सिर पर चोट लगने से इंचार्ज मिथलेश कुमारी बेहोश हो गईं। स्टाफ ने मिथलेश को शाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इंचार्ज ने आरोपी कनक पर रजिस्टर फाड़ने का आरोप लगाया है। पति सुभाष चंद्र ने थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस मामले में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications