'रावण' से नहीं मिल पाए अरविंद केजरीवाल, पुलिस ने सीज कर दिए थे यूपी बॉर्डर
सहारनपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर रावण की मुलाकात नहीं हो पाई। केजरीवाल, रावण से मिलने के लिए सहारनपुर ना पहुंच पाएं इसके लिए बेहद सतर्क दिखी। सतर्कता का आलम ये था कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों के ही बॉर्डर सीज कर दिए गए ताकि अरविंद केजरीवाल सहारनपुर जनपद की सीमा में प्रवेश न कर सके।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को आज सहारनपुर की जेल में बंद भीम आर्मी के संस्थापक चन्द्र शेखर रावण से मिलने के लिए आना था। जिसे प्रशासन द्वारा परमीशन नहीं दी गई थी। अरविंद केजरीवाल को सहारनपुर की सीमा में प्रवेश न दिये जाने को लेकर एसडीएम नकुड युगराज सिंह, सीओ नकुड यतेन्द्र नागर व थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार पूरी फोर्स के साथ यूपी हरियाणा बार्डर पर पहुंच गए।
यहां उन्होंने हरियाणा की ओर से आने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की। ये कोई रुटीन चेकिंग नहीं थी। उनका इरादा केजरीवाल को यूपी की सीमा में प्रवेश करने से रोकना था। इस बात की जानकारी जब केजरीवाल को हो गई तो उन्होंने अपने आने का प्लान फिलहाल के लिए टाल दिया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का 17 अगस्त को सहारनपुर आने का कार्यक्रम जब प्रशासन के पास पहुंचा था तो जनपद में धारा 144 लगी होने का हवाला देते हुए प्रशासन ने केजरीवाल को सहारनपुर में जनसभा करने की अनुमति नहीं दी थी। यहां तक कि अरविंद केजरीवाल का कार्यक्रम जिला कारागार में रासुका में बंद भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण से मुलाकात का भी रखा गया था।
मगर इसके लिए भी मैनुअल नहीं होने का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से मुलाकात की अनुमित नहीं दी गई। अनुमित ना मिलने के बाद भी अरविंद केजरीवाल का कार्यक्रम ना बदले जाने से प्रशासन एलर्ट हो गया। सहारनपुर जनपद में प्रवेश के सभी रास्ते जहां पूरी तरह सील कर दिए गए थे।
वहीं, जिला कारागार पर भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी कि कहीं से भी कोई परिंदा तक पर न मार सके। शुक्रवार को केजरीवाल तो सहारनपुर नहीं पहुंचे मगर यह चर्चा जोरों पर है कि अब उनका अगला कार्यक्रम 27 या 28 अगस्त का हो सकता है जिसके बारे में अभी कोई निश्चित जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।












Click it and Unblock the Notifications