यूपी में आज से फिर एक्टिव हुआ एंटी रोमियो स्क्वॉयड, महिला सुरक्षा को लेकर सीएम योगी ने दिए निर्देश
यूपी में आज से फिर एक्टिव हुआ एंटी रोमियो स्क्वॉयड, महिला सुरक्षा को लेकर सीएम योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ, 02 अप्रैल: उत्तर प्रदेश की सत्ता पर फिर से काबिज होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड़ में आ गए है। सीएम योगी ने नवरात्रि के पहले दिन से महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉयड को सक्रिय करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। निर्देश के मुताबिक, आज से प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेजों और चौराहों पर एंटी रोमियो स्क्वॉयड सक्रिय रहेगी। इसके अलावा प्रदेश भर में मिशन शक्ति का चौथा चरण 10 अप्रैल से चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को टीम 9 के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छेड़खानी रोकने के लिए हर स्कूल और कॉलेज में एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय किया जाना चाहिए। कहा कि बाजार और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भी गश्त बढ़ाई जाए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी 75 जिलों में 3,000 से अधिक गुलाबी बूथ स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
टीम 9 के साथ बैठक में आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि महिला कांस्टेबल ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के साथ संपर्क स्थापित करें और उन्हें सरकार द्वारा उनके लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराएं। इस दौरान उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति का चौथा चरण 10 अप्रैल को शुरू किया जाएगा। मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा पर केंद्रित है, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों को उनके पुरुष समकक्षों की तरह बीट ड्यूटी सौंपी जाती है।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने आजतक से बातचीत में बताया कि योगी सरकार ने 100 दिन का प्रोग्राम बनाया है। इसमें कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश के गृह विभाग ने सबसे पहले तैयारी की है। इसमें नवरात्र के पहले दिन से ये कार्य पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता में रहेंगे। बताया कि नवरात्र में सभी पुलिसकर्मियों को फूट पेट्रोलिंग करनी होगी। इस फूट पेट्रोलिंग में पुलिस के बड़े अधिकारी खुद मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं, प्रत्येक थाने और जनपद स्तर पर टॉप-10 अपराधियों को चिह्नित कर उनके प्रति कठोर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications