NTPC पॉवर प्लांट के बाद अनपरा बिजलीघर में हुआ हादसा
सोनभद्र। रायबरेली के एनटीपीसी पॉवर प्लांट में हादसे को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि अब अनपरा पॉवर हाउस से हादसे की खबर आ रही है। प्लांट की चौथी ईकाई में गुरुवार को बॉयलर में हुई दुर्घटना में एक वेल्डर समेत दो श्रमिक बुरी तरह झुलस गए हैं। दोनों को तत्काल परियोजना चिकित्सालय ले जाया गया जहां गम्भीर हालत देख उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।

संविदा कम्पनी ईस्टर्न इंजीनियरिंग के दो संविदाकर्मी फीटर 28 वर्षीय परवेज खान पुत्र तजुमुद्दीन खान निवासी लाल टावर डब्लुआई कालोनी अनपरा अपने हेल्पर 25 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र राम गुलाब के साथ चौथी इकाई के बॉयलर में बालमील में अनुरक्षण कार्य कर रहा था। इस दौरान कन्वेयर की टाई रोड काटने के दौरान जब कन्वेयर बेल्ट खींचने का प्रयास किया तो हापर में से कोयला निकल कर दोनों के ऊपर गिर गया। कोल मिल का गर्म जलता हुआ कोयला भरभरा कर गिरने से दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक परवेज लगभग 80 प्रतिशत जल गया है जबकि प्रमोद साठ प्रतिशत से कम जला है।
पारियोजना के मुख्य महाप्रबन्धक इं. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि संविदा कम्पनी के सुपरवाइजर और परियोजना के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व जूनियर इंजीनियर घटना के समय मौके पर मौजूद थे। सभी सुरक्षा मानक ध्यान में रख काम किया जा रहा था। फीटर परवेज ने कुछ दिन पूर्व ही यही कार्य पांचवीं इकाई के बॉयलर में भी किया था। मील को रात में ही बंद करा दिया गया था। सम्भवत: कुछ कोयला जला हुआ रह गया जिसे देखे बैगर कन्वेयर खींचने से हादसा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications