अमेठी: सऊदी अरब से पति ने व्हाट्सएप पर भेजा मैसेज, लिखा 'रूबी तलाक-तलाक-तलाक' ,VIDEO
अमेठी। सरकार ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर चाहे जितने सख्त कदम उठा ले लेकिन तीन तलाक का मामला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला ज़िले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे शादीपुर गांव का है। यहां के निवासी हफीज उर्फ रफीक सऊदी अरब में है और उसनें वहीं से व्हाट्सएप पर पत्नी रूबी को ये मैसेज भेजा- "रूबी तलाक, रूबी तलाक, रूबी तलाक"

17 दिसम्बर 2012 को हुई थी शादी
गौरतलब हो कि जिला सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के नन्दौली गांव निवासी मोहम्मद मोइन की पुत्री रुबीना बानो उर्फ रूबी की शादी 17 दिसम्बर 2012 को अमेठी जिले के कोतवाली मुसाफिरखाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे शादीपुर गांव निवासी हफीज उर्फ रफीक पुत्र समीद अली के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में दान दहेज के बावजूद ससुराल वाले 2 लाख रुपये व अपाचे बाइक की डिमांड कर रहे थे।

बेटे की पढ़ाई और अपने खर्च के लिये पति से मांगें थे पैसे
डिमांड न पूरी होने की दशा में 31 दिसंबर 2013 को रूबी को घर से निकाल दिया गया। तबसे रूबी अपने मायके में रहने लगी व उसका पति सऊदी अरब में रह रहा है। रूबी को शाहिद नाम का 4 साल का एक बेटा भी है। बेटे की पढ़ाई और अपने खर्च के लिये उसनें पति से पैसे की मांग की तो रूबी के पति ने 18 दिसंबर 2017 को विदेश से ही रूबी के व्हाट्सएप पर तलाक का मैसेज भेजा दिया। मैसेज में पति ने लिखा था- रूबी तलाक,रूबी तलाक,रूबी तलाक।

बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी
इस मैसेज को पाने के बाद रूबी को कुछ समझ नहीं आया तो उसने इस मामले में सुल्तानपुर के एसपी अमित वर्मा से शिकायत कर न्याय की मांग की है। इस बाबत एसपी अमित वर्मा ने बताया के मामला संज्ञान में है, जांच कर न्यायोचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी दशा में आरोपी बक्शे नहीं जाएंगें।












Click it and Unblock the Notifications