दुकानदार को मारने लेकर आया बम जेब में फटा, उड़ गया आधा पैर, लटक गया मांस का लोथड़ा
इलाहाबाद। इलाहाबाद के बेहद ही भीड़भाड़ वाले इलाके कटरा में आज शाम एक अजीबोगरीब वारदात हुई। जूता शोरूम के मालिक को मारने आए युवक के जेब में ही बम फट गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है। गंभीर हालत में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मामले की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घटना के बाबत पूछताछ करती रही। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। फिलहाल बाजार में माहौल ना बिगड़े इसके लिए घटनास्थल पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

क्या है मामला
इलाहाबाद के कटरा नेतराम चौराहे पर प्रिंस शूज हाउस के नाम से सन्टी सरदार दुकान चलाते हैं। आज शाम सोनू केसरवानी नाम का युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और दोनों में पैसे के विवाद को लेकर तेज बातचीत होने लगी। बात बढ़ी तो दोनों में हाथापाई भी शुरू हो गई कि इसी बीच सोनू के जेब में ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके के साथ सोनू का आधा पैर उड़ गया और जांघ के पास से पूरा मांस का लोथड़ा शरीर से अलग हो गया। बम धमाके के बाद हड़कंप मच गया और लोगों की दुकान के बाहर भीड़ लग गई। आनन-फानन में घायल सोनू को चद्दर में लपेटकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

क्या कह रहा दुकानदार
जूते की दुकान चलाने वाले सरदार सन्टी ने बताया कि सोनू आए दिन दारू के नाम पर पैसे मांगता था, जिसे लेकर कई बार विवाद भी हो चुका था। सोनू ने धमकी भी दी थी लेकिन सन्टी धमकी को हल्के में लेते रहा। सन्टी के अनुसार आज सोनू जेब में बम रखकर हमला करने के लिए आया था, लेकिन अचानक उसकी जेब में ही बम फट गया। वहीं, मामले में कर्नलगंज थाना इंचार्ज ने बताया कि घटना की सूचना मिली है जांच पड़ताल की जा रही है। घर से पूछताछ के बाद ही मामला साफ हो सकेगा। फिलहाल पूछताछ में यही पता चला है कि घायल हुआ युवक अपनी जेब में बम रखकर आया था और उसके जेब में ही बम फट गया।












Click it and Unblock the Notifications