अक्षय कुमार के बॉडीगार्ड की ट्रेन से कटकर मौत
ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ जाने की वजह से ट्रेन की चपेट में आकर अक्षय कुमार के बॉडीगार्ड मनोज कुमार शर्मा की मथुरा में मौत हो गई।
मथुरा। अक्षय कुमार के बाउंसर के तौर पर काम करने वाले मनोज शर्मा की सोमवार को मथुरा स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। वो आगरा से मथुरा कर्नाटक एक्सप्रेस से आए थे।

मनोज के भाई विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि मथुरा में अक्षय कुमार की फिल्म 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' की शूटिंग टीम में शामिल होने के लिए मनोज अपने घर आगरा से मथुरा गए थे। मनोज की मौत की खबर शूटिंग कर रही फिल्म की टीम को दे दी गई है।
दैनिक जागरण के अनुसार, विनोद ने बताया कि मनोज बाउंसर का काम करता था। एक महीने पहले ही अक्षय कुमार के बाउंसर के तौर पर काम करने का ऑफर उसको आया था। जिसके बाद वो अक्षय कुमार के बाउंसर के तौर पर उनके साथ जुड़ गया था।
आगरा के रहने वाले मनोज की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 4 साल पहले ही मनोज की शादी हुई थी। मनोज के दो बच्चे हैं।
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म ''टॉयलेट: एक प्रेम कथा'' की शूटिंग कर रहे हैं। ये फिल्म मथुरा के एक लड़के की कहानी है इसलिए फिल्म की शूटिंग मथुरा में हो रही है। फिल्म की टीम पिछले काफी समय से लगातार मथुरा में है।












Click it and Unblock the Notifications