'कोई व्यक्ति वस्त्र से नहीं, वचन से होता है योगी', CM योगी आदित्यनाथ पर भड़के अखिलेश यादव
Akhilesh Yadav: सीएम योगी आदित्यनाथ के सियासी बयानों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया वक्त की। अखिलेश यादव ने कहा, 'कोई व्यक्ति वस्त्र से नहीं वचन से योगी होता है... जिनका काम सरकार चलाना है वो बुलडोजर चला रहे हैं और विकास का प्रतीक विनाश का प्रतीक बन गया है।'
अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अखिलेश यादव ने नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि खजांची जितना बड़ा होता जा रहा है, नोटबंदी की नाकामी उतनी ही हम लोगों को दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है नोटबंदी दुनिया के आर्थिक इतिहास का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार के रूप में उभरकर सामने आया है।

कहा कि नोटबंदी भाजपा के भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई है। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि संत समाज के बीच झगड़े करवाए जा रहे हैं। जो खुद से बड़ा किसी और को नहीं मानते, वो कैसे 'योगी' हैं?... जो जितना बड़ा संत होता है वो उतना ही कम बोलता है और बोलता भी है तो जनकल्याण के लिए इसलिए उसके वचन प्रवचन कहलाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कोई व्यक्ति वस्त्र से नहीं वचन से योगी होता है, जिनका काम सरकार चलाना है वो बुलडोजर चला रहे हैं और विकास का प्रतीक विनाश का प्रतीक बन गया है। देश में पहली बार ऐसा हुआ है कि सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार पर 25 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
अखिलेश ने आगे कहा कि इतना महिला या बेटियां कभी मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह करने नहीं आई होंगी जितनी इस सरकार में आई हैं। कहा कि जिस सरकार का काम भेदभाव मिटाना है, वो भेदभाव बढ़ रहे है। कहा कि यह सरकार केवल और केवल अपनी नाकामी छुपाना चाहती है, नकारात्मक है, नेगेटिविटी है इनके अंदर।












Click it and Unblock the Notifications