अखिलेश यादव ने मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला को कैबिनेट से बर्खास्त किया, पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखाया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता और अखिलेश यादव के कैबिनेट में मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। शारदा प्रताप शुक्ला को ना सिर्फ मंत्रीमंडल से बाहर किया गया है बल्कि उन्हें पार्टी से भी बाहर कर दिया है। शारदा प्रताप शुक्ला मौजूदा अखिलेश यादव की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। शारदा प्रताप शुक्ला को बर्खास्त करने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यपाल को पत्र लिखा और उन्हें बर्खास्त करने की बात कही है।

शारदा प्रताप शुक्ला के खिलाफ यह कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते की गई है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव इस बात से नाराज थे कि शारदा प्रताप शुक्ला ने सपा के उम्मीदवार के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया था और लखनऊ की सरोजनीगर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। शारदा प्रताप शुक्ला सरोजनी नगर सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं, इसी बात से नाराज अखिलेश यादव ने शारदा प्रताप शुक्ला को ना सिर्फ कैबिनेट बल्कि पार्टी से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
इसे भी पढ़ें- हमारी सरकार बनने जा रही है, हमारी कथनी-करनी में फर्क नहीं- अखिलेश यादव
आपको बता दें कि सरोजनी नगर सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से राहुल यादव चुनावी मैदान में हैं और वह अखिलेश यादव के चचेरे भाई है। वहीं सपा के खिलाफ भाजपा ने दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह को यहां से मैदान में उतारा है। स्वाति सिंह उस वक्त सुर्खियों में आई थी जब उनके पति दयाशंकर सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ विवादित बयान दिया था और उन्हें पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था। जिसके बाद भाजपा ने उनकी पत्नी स्वाति सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications