यूपी चुनाव: मोदी के 'गढ़' में अखिलेश-राहुल का रोड-शो, डिम्पल भी होंगी शामिल
वाराणसी की 'जंग' को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात जो सामने आ रही है कि रोड शो की रणनीति का पूरा खाका टीम पीके और खुद प्रशांत किशोर सम्भाल रहे हैं।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काशी में बीजेपी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति बनानी शुरु कर दी है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने वाराणसी में मोर्चा संभाल रखा है। वाराणसी में राहुल गांधी, अखिलेश यादव आज रोड शो करेंगे। इस रोड-शो में यूपी की भाभी यानी डिंपल यादव भी शामिल होंगी। ये रोड शो कचहरी के अम्बेडकर चौराहे से शुरु होगा और गिरजाघर तक आने में करीब साढ़े 8 किलोमीटर का रास्ता तय करेगा। पूरे रास्ते ये नेता काशी की जनता से सीधा संवाद भी करेंगे।
कांग्रेस के शीर्ष नेता मोदी से मुकाबले का खींच रहे खाका
अखिलेश-राहुल के रोड शो के रास्ते शहर में उत्तरी, दक्षिणी और कैंट विधानसभाओं की सीटों को मथने का प्रयास किया जा रहा है। इस रोड-शो में सभा भी की जाएगी। खुद डिंपल यादव उत्तरी इलाके और शिवपुर में जनसभा को संबोधित करने वाली हैं। यही नहीं इन नेताओं ने काशी में भाजपा की सबसे दमदार सीट पर भी फतह करने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर के जोन में भी रोड शो करने की अनुमति प्राप्त कर ली है।

काशी में हो चुका है दिग्गजों का जमावड़ा
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के रोड शो को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का काशी में जमावड़ा लग चुका है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी, जितिन प्रसाद, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोहन प्रकाश, मुकुल वासनिक समेत समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता काशी आ चुके हैं।

साढ़े 8 किलो मीटर लम्बा होगा रोड-शो
वाराणसी की 'जंग' को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात जो सामने आ रही है कि रोड शो की रणनीति का पूरा खाका टीम पीके और खुद प्रशांत किशोर सम्भाल रहे हैं। ये रोड शो पहले साढ़े 11 किलोमीटर लंबा होने वाला था पर समय की व्यस्तता को देखते हुए ये साढ़े 8 किलो मीटर लम्बा होगा। जिसमें काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने का भी कार्यक्रम शामिल है।

प्रमोद तिवारी ने साधा मोदी पर निशाना
कांग्रेस के नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। प्रमोद तिवारी ने कहा कि वैसे तो प्रधानमंत्री जी पहले भी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में कई बार दर्शन कर चुके हैं। अब उन्हें भैरव मंदिर की याद कैसे आ गई। पहले तो ये योजना नहीं बनी थी कि पीएम मोदी भी वाराणसी में रोड शो करेंगे। जब हमारे नेताओं के रोड शो की जानकारी उन्हें हासिल हुई तो इसी से प्रेरणा लेकर मोदी जी को भी रोड शो करने की याद आ गई।

काशी में पीएम मोदी का भी रोडशो
प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी जी हमारे यूपी के दोनों युवाओं से इतना डर चुके हैं कि उन्होंने हमारे समय में ही काशी विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन करने की इच्छा जाहिर की है। इससे उनकी मंशा साफ होती है कि वो अपनी सुरक्षा के नाम पर हमें मंदिर जाने से रोकना चाहते हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी भले ही यहां आएं हम अपना रोड शो अपने समय के अनुसार जरूर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications