'दिल्ली के बच्चों के भविष्य और शिक्षा के खिलाफ है बीजेपी,' सिसोदिया की गिरफ्तारी पर और क्या बोले अखिलेश...
अखिलेश यादव ने कहा,'दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करके भाजपा ने साबित कर दिया है कि भाजपा शिक्षा ही नहीं बल्कि दिल्ली के च्चों के भविष्य के ख़िलाफ भी है।

Delhi: दिल्ली के शराब नीति मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (manish Sisodia) से की गई पूछताछ के बाद सीबीआई (CBI) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है, तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने भी इस गिरफ्तारी का कड़ा विरोध किया है। इस बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस कार्रवाई को शिक्षा और दिल्ली के बच्चों के भविष्य के खिलाफ बताया है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता देगी जवाब- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, 'दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले मनीष सिसोदिया को गिरफ़्तार करके भाजपा ने साबित कर दिया है कि भाजपा शिक्षा ही नहीं बल्कि दिल्ली के बच्चों के भविष्य के ख़िलाफ़ भी है। दिल्ली की जनता इसका जवाब अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सातों सीटें हराकर देगी।'
अडानी को लेकर संजय सिंह ने सरकार पर उठाए सवाल
आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर कहा कि, 'मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करना मोदी की सरकार का कायरतापूर्ण परिचय है, ये उनकी कायरतापूर्ण कार्रवाई है और दूसरी तरफ मोदी जी के मित्र अडानी है जिन्होंने लाखों-करोड़ का घोटाला किया लेकिन उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।'
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं दूसरी ओर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार का जमकर घेराव किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी को ₹ 100 Cr. आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया है, खैर यह तो न्यायालय में तय होगा, लेकिन सरकार के जो 3 पालतू तोतें है वे ₹ 81000 Cr. का कॉरपोरेट घोटाला करने वाले के यहां दस्तक देंगे कि नही, इस घोटाले पर सरकार का मौनव्रत टूटेगा कि नहीं? कहीं ऐसा तो नहीं कि ये घोटालेबाज बीजेपी नामक वाशिंग मशीन से धूल कर निकले हैं...!'
गिरफ्तारी के खिलाफ 'आप' पार्टी का जारी है प्रदर्शन
इस बीच सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता आज आम आदमी पार्टी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर चुकी है। विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली को अलर्ट पर रखा गया है और दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications